बुरहानपुर में ट्रासंफॉर्मर चोरों से त्रस्त किसान पहुंचे पुलिस के पास तो मिली अजीब सलाह

बुरहानपुर : निंबोला क्षेत्र के गांवों में बिजली डीपी चोरों ने किसानों की नींद उड़ा रखी है. डीपी के ट्रांसफॉर्मर से ऑयल और तांबा चोरी करने के लिए बदमाश डीपी चोरी कर रहे हैं. कई बार ये डीपी को साथ ले जाते हैं तो कई बार वहीं पर ऑयल और तांबा निकालकर डीपी को फेंक जाते हैं. डीपी चोरी होने से 8 से 10 दिन तक बिजली गायब हो जाती है. इससे किसानों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ता है.
बुरहानपुर के निंबोला में चोरी की 40 घटनाएं
निंबोला इलाके के गांवों में बीते 2 माह से डीपी चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं. कम से कम 40 चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. चोरी की वारदात के बाद पीड़ित किसानों ने निंबोला थाना में शिकायत दर्ज कराई है. आरोप है कि इस मामले में पुलिस किसानों से दोयम दर्जे का व्यवहार कर रही है. पीड़ित किसानों का कहना है “पुलिस एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी कर रही है. उल्टा किसानों को अपने खेत में बिजली की डीपी की सुरक्षा करने के लिए गार्ड रखने व सीसीटीवी कैमरे लगाने की नसीहत दे रही है.”
किसान संगठनों ने उठाई मांग
प्रगतिशील किसान संगठन के सदस्य सुनील महाजन ने भी किसानों के हित में मांग उठाई है. उनका कहना है “पुलिस प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए.” डीपी चोरी की घटनाएं बुरहानपुर के अलावा अन्य शहरों में भी हो रही हैं. लेकिन डीपी चोरों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है. ट्रांसफॉर्मर से ऑयल निकालने के चक्कर में डीपी चोरी हो रही हैं. ये ऑयल काफी महंगा बिकता है. इसलिए गांवों में ट्रांसफॉर्मर चोरों के निशाने पर हैं.
इस मामले में निंबोला थाना प्रभारी राहुल काम्बले का कहना है “बिजली डीपी से तार और ऑयल चोरी की शिकायत आई हैं. पुलिस ने रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई है. चोरों की तलाश शुरू कर दी है. किसानों ने भी सहयोग मांगा है.”





