पीएमश्री स्कूल में नींबू पक्षी सिंदूर से फैली दहशत, शिक्षकों ने जादू टोना के डर से करवाई पूजा, जनप्रतिनिधियों ने उन्नयन की कही बात

दुर्ग : दुर्ग के बोरसी पीएमश्री स्कूल में अज्ञात ने प्रिंसिपल रूम के सामने आकृतियां बनाकर उसमें मरे हुए पक्षी, नींबू और सिंदूर को रखा है.जिसे लेकर कई तरह की बातें की जा रही है. जब शनिवार सुबह स्कूल खुला तो इस बात की जानकारी हुई.जिसके बाद से ही शिक्षकों में दहशत है.
जनप्रतिनिधियों ने करवाई धुलाई : स्थानीय जनप्रतिनिधियों को जब इस बात की जानकारी हुई, तो वो मौके पर पहुंचे और आकृति और वस्तुओं को हटाकर उसे धुलवा दिया. लेकिन अंधविश्वासी कुछ शिक्षकों ने उस जगह पर बैगा बुलाकर पूजा पाठ करवाया.जिसके बाद बैगा ने मौके पर आकर अगरबत्ती,धूप,दीप और कपूर नारियल से जगह को शुद्ध करने का दावा किया.इसके एवज में बैगा ने मेहनताना भी लिया. इस पूरे मामले की जानकारी शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को भी हुई जिसके बाद उन्होंने उचित कार्यवाही के निर्देश दिए है, उन्होंने कहा है कि सभी स्कूलों को उन्नयन पर जोर देने की बात कही है.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों का मानना है कि ऐसा किसी शरारती तत्वों ने किया है. तो वही स्कूल में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं है. बाउंड्रीवाल छोटी है इसलिए सीसीटीवी भी नहीं लगवाया गया है.ऐसे में लगातार असामाजिक तत्वों का जमावड़ा स्कूल परिसर में रहता है.हमने स्कूल में सीसीटीवी लगाने की मांग की है – आरके चंद्राकर, शिक्षक
फिलहाल पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की गई है.जिसके बाद अब पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है.लेकिन शिक्षा के मंदिर में इस तरह का कृत्य हैरान करने वाला है.उससे भी ज्यादा हैरानी उन शिक्षकों को लेकर हैं जो दूसरों को ज्ञान का पाठ पढ़ा रहे हैं,लेकिन नींबू सिंदूर के आगे उनका भी ज्ञान काफुर हो जाता है. लिहाजा बैगा से अब अनहोनी को टालने का इंतजाम करवाया गया.





