धमतरी में उफान पर महानदी, टापू में फंसा एक शख्स, बचाव कार्य जारी

धमतरी: जिले में झमाझम बारिश का दौर जारी है. बीते दो दिनों से हो रही भारी बारिश की वजह से कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. उफनती नदी में एक शख्स के फंसने की खबर सामने आई है. जिला प्रशासन की तरफ से बताया गया है कि गंगरेल बांध के गेट खोले जाने के बाद महानदी में जल का स्तर बढ़ गया है इस वजह से एक पुजारी टापू में फंस गया है.
मंदिर में पूजा करने गया था पुजारी: पुजारी महानदी को पार कर मंदिर में पूजा करने गया हुआ था. अचानक महानदी में बाढ़ की स्थिति बन गई और पुजारी टापू पर फंस गया. कई घंटे के बावजूद पुजारी को वापस नहीं लाया गया है. मौके पर नगर सेना बाढ़ बचाव दल पहुंच चुकी है. रेस्क्यू करने की तैयारी है.
जोरातराई गांव की घटना: यह पूरी घटना जोरातराई गांव की है. यहां महानदी को पार कर पुजारी सुबह-सुबह मंदिर गया हुआ था. मंदिर में पूजा करने के दौरान अचानक महानदी में पानी बढ़ गया. जिसके चलते पुजारी टापू में ही फंस गया. जैसे तैसे लोगों की नजर पुजारी पर पड़ी और पुजारी तक संदेश पहुंचाया गया कि वह टापू में ही रुके रहे, कोई हलचल न करे.
नगर सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी: मौके पर धमतरी नगर सेना औऱ बाढ़ बचाव का दल पहुंच गया है. फिलहाल पुजारी अभी भी टापू में फंसा हुआ है. पुजारी का नाम इतवारी कश्यप है. उसकी उम्र 65 साल है. थाना कुरुद की टीम मौके पर पहुंचकर राहत बचाव का कार्य कर रही है. नगर सेना और बाढ़ बचाओ दल भी मौके पर मौजूद है. रेस्क्यू टीम ने पुजारी को बचाने के बचाव अभियान तेज कर दिया है.





