कोंडागांव में वकील की हत्या की साजिश, चचेरे भाई ने ही दी सुपारी, चैट खुलासे से बची जान

कोंडागांव: जिले से एक बड़ा खुलासा हुआ है, जहां जमीन विवाद को लेकर वकील की हत्या की साजिश रची गई थी. पुलिस ने साजिश रचने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों ने वकील की हत्या करने के लिए 60 हजार रुपये की डील की थी. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार के निर्देश में की गई.
चैट से हुआ खुलासा: मिली जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त 2025 को चोरी के मामलों में संदेही मो. मजहर अली खान को हिरासत में लेकर थाना कोंडागांव एवं साइबर टीम ने पूछताछ की. पूछताछ के दौरान आरोपी के मोबाइल से चौंकाने वाला खुलासा हुआ. उसमें दहिकोंगा निवासी राजकुमार बघेल के साथ हुई चैट में यह पाया गया कि वह अपने चचेरे भाई और पेशे से वकील कंवल सिंह बघेल की हत्या कराने की साजिश रच रहा था.
जमीन विवाद के चलते साजिश: आरोपी राजकुमार बघेल ने पूछताछ में बताया कि उसका जमीन विवाद को लेकर 2021 से अपने चचेरे भाई कंवल सिंह बघेल से विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय में विचाराधीन है. इसी दुश्मनी के चलते उसने मो. मजहर अली खान को 60 हजार रुपये देकर हत्या की साजिश रची थी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध करना स्वीकार किया.
2 आरोपी गिरफ्तार
- मो. मजहर अली खान, उम्र 42 साल, निवासी ग्राम दहिकोंगा, स्थाई पता केलाबाड़ी दुर्ग
- राजकुमार बघेल, उम्र 41 वर्ष, निवासी ग्राम दहिकोंगा
पुलिस की कार्रवाई से बची जान: इस मामले में प्रार्थी कंवल सिंह बघेल निवासी मिचीपारा दहिकोंगा की रिपोर्ट पर थाना कोंडागांव में केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने सबूत और आरोपियों के बयान के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर 21 अगस्त 2025 को न्यायालय में पेश किया. इससे समय रहते हत्या की वारदात टल गई.





