Durg News: गुंडों की खबर देने वालों को ₹21,000 का इनाम, दुर्ग वैशाली नगर के बीजेपी विधायक रिकेश सेन का बड़ा ऐलान

दुर्ग: वैशाली नगर विधानसभा सीट से रिकेश सेन बीजेपी के विधायक हैं. अक्सर रिकेश सेन अपने बयानों के जरिए सुर्खियों में रहते हैं. एक बार फिर रिकेश अपने बयानों से चर्चा के केंद्र में हैं. शनिवार को बीजेपी विधायक ने कहा कि होली पर्व पर शांति और सौहार्द का माहौल बना रहे, इसके लिए हम सभी को मिलकर काम करने की जरूरत है. अगर कोई होली के रंग में भंग यानी हुड़दंग करने की कोशिश करता है, तो उसकी खबर मुझे या पुलिस को दें. हम ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेंगे. विधायक ने कहा कि त्योहार की आड़ में किसी को हंगामा या गुंडागर्दी करने की इजाजत नहीं मिलेगी.
गुंडें बदमाशों को गिरफ्तार कराएं और इनाम पाएं
बीजेपी विधायक रिकेश सेन ने घोषणा करते हुए कहा कि होली के दिन यदि कोई व्यक्ति ट्रिपल राइडिंग करता, बिना हेलमेट और अर्धनग्न अवस्था में सड़कों पर घूमता, हथियार लहराता या महिलाओं के साथ बदसलूकी करता नजर आता है, तो उसकी सूचना देने वाले को 21,000 रुपए की सम्मान राशि दी जाएगी. इसके लिए गाड़ी का नंबर, फोटो और वीडियो साक्ष्य के रूप में व्हाट्सएप पर भेजना अनिवार्य होगा. विधायक रिकेश सेन ने कहा कि होली खुशियों और भाईचारे का पर्व है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं. इस बार ऐसा नहीं होने दिया जाएगा. विधायक ने स्पष्ट किया कि पुलिस के साथ वे स्वयं भी एक्टिव मोड पर रहेंगे. यदि मौके पर तत्काल कार्रवाई नहीं हो पाई, तो वीडियो साक्ष्य के आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पूर्व में विधायक कर चुके हैं इस तरह की घोषणा
क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए विधायक ने कहा कि माता-बहनों की सुरक्षा सर्वोपरि है. सभी लोग प्रशासन और पुलिस के नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित और मर्यादित होली मनाएं. उन्होंने अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि इस बार वैशाली नगर में शांति और सौहार्द के साथ होली मनाई जाएगी. ये कोई पहला मौका नहीं है जब विधायक ने इस तरह का ऐलान किया हो. इससे पहले भी वो कानून व्यवस्था के मुद्दे पर इस तरह के ऐलान कर चुके हैं. पूर्व में उन्होने कहा था कि गुंडे बदमाशों की खबर देने के लिए वो गुप्त शिकायत पेटी लगवा रहे हैं. बदमाशों की गिरफ्तारी कराने वालों को इनामी राशि वो खुद देंगे.





