छत्तीसगढ़ में अफीम कांड पर ‘महासंग्राम’! कांग्रेस ने मांगा साय सरकार का इस्तीफा, गृहमंत्री की बर्खास्तगी पर अड़े भूपेश बघेल

रायपुर: दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार पर 10 एकड़ जमीन में अफीम की खेती का आरोप है. इस मु्द्दे पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया है. कांग्रेस ने गृहमंत्री विजय शर्मा को तत्काल बर्खास्त करने और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
भाजपा सरकार पर नशे को संरक्षण देने का आरोप
इस मुद्दे पर रायपुर जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने प्रेस वार्ता की है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने दो साल के कार्यकाल में प्रदेश की युवा पीढ़ी को नशे की ओर धकेल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में स्कूल और कॉलेज के छात्र तक नशे के आदी होते जा रहे हैं, जिससे अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है. मेनन ने कहा कि सरकार के संरक्षण में मादक पदार्थ और शराब की खुलेआम बिक्री हो रही है.
रायपुर से सटे दुर्ग जिले में यदि कोई भाजपा नेता खुलेआम अफीम की खेती कर रहा है तो यह सरकार की जानकारी के बिना संभव नहीं है.विनायक ताम्रकार का मुख्यमंत्री और मंत्रियों के निवास में लगातार आना-जाना रहा है, इसलिए यह पूरा मामला सरकार के संरक्षण में होने का संदेह पैदा करता है. सरकार को इस मुद्दे पर इस्तीफा देना चाहिए- श्रीकुमार शंकर मेनन, अध्यक्ष, जिला शहर कांग्रेस कमेटी, रायपुर
गृहमंत्री विजय शर्मा को बर्खास्त करने की मांग
रायपुर जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि गृहमंत्री विजय शर्मा ने अपने दो साल के कार्यकाल में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए. कांग्रेस ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से गृहमंत्री को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की.
महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्या भी उठाई
पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है. किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने में परेशानी हो रही है, महिलाएं बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों से परेशान हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा करने वाली सरकार अब 1000 रुपये में सिलेंडर बेच रही है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है.
नशे के कारण युवा पीढ़ी बर्बादी की ओर-प्रमोद दुबे
पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा कि पिछले दो वर्षों में शराब, गांजा, अफीम और हेरोइन जैसे नशों का कारोबार तेजी से बढ़ा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के कुछ लोग चंद पैसों के लालच में इस अवैध कारोबार को रोकने के बजाय उसे संरक्षण दे रहे हैं, जिससे प्रदेश की युवा पीढ़ी का भविष्य खतरे में पड़ रहा है.
पूर्व जिला अध्यक्ष पंकज शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल के पिछले 13 महीनों में नारकोटिक्स से जुड़े 2599 मामले दर्ज हुए हैं. उनका आरोप है कि इनमें से अधिकांश मामले सोशल मीडिया के जरिए उजागर होने के बाद दर्ज किए गए. उन्होंने कहा कि प्रशासन और इंटेलिजेंस तंत्र अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय निष्क्रिय बना रहा, जिससे अवैध नशे का कारोबार बढ़ता गया.





