उज्जैन बनेगा ‘हॉकी का हब’! अंतरराष्ट्रीय स्तर का सिंथेटिक टर्फ तैयार; ओलंपिक मेडल जीतने वाले धुरंधर यहीं से निकलेंगे, जानें पूरा रोडमैप

उज्जैन : मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने शहर के नानाखेड़ा क्षेत्र स्थित स्व. राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर स्टेडियम में 48.71 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले सिंथेटिक हॉकी टर्फ सहित कई निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा “उज्जैन को खेलों का हब बनाने की योजना है. यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी सिंथेटिक टर्फ बनने से अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी निकलेंगे. हमारा प्रयास है 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स के मैच यहां हों.”
नानाखेड़ा स्टेडियम में क्या-क्या सुविधाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया “नानाखेड़ा स्टेडियम 08.71 हेक्टयर (21.77 एकड़) भूमि में बना है. यहां एथलेटिक सिंथेटिक्स ट्रैक है, जोकि 7.22 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है. लॉन टेनिस सिंथेटिक मैदान एवं ग्रास से निर्मित फुटबॉल मैदान हैं, जोकि 11.43 करोड़ से तैयार किया गया है. यहीं शूटिंग रेंज, बैडमिंटन हॉल, मल्लखंब, जिम्नेशियम हॉल भी है, जहां लगभग 1.50 करोड के उपकरण की सौगात दी गयी है.”
खेलों में चमके मध्य प्रदेश के खिलाड़ी
मुख्यमंत्री ने बताया “प्रदेश में कुल 18 खेलों की 11 खेल अकादमियां हैं. इसी का परिणाम है कि जहां पिछले वर्षों में एशियन गेम्स और ओलंपिक गेम्स में मध्य प्रदेश के खिलाड़ी मात्र प्रतिभागिता कर पाते थे, वर्तमान में हमारे खिलाड़ी न केवल एशियन गेम्स बल्कि ओलंपिक गेम्स में भी पदक अर्जित कर रहे हैं. उज्जैन से निकलने वाले खिलाडी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करेंगे.”
उज्जैन के हासामपुरा में भी स्टेडियम बनकर तैयार होगा. यहां कनेक्टिविटी के लिए फोरलेन मार्ग भी बनेगा. मुख्यमंत्री ने बताया नजरअली कंपाउंड में बनाए गए स्वीमिंग पूल और अन्य प्रमुख स्वीमिंगपूल को रख-रखाव के लिए खेल विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा.


