धनबाद में ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ जैसा मंजर! कोयला ट्रांसपोर्टिंग को लेकर खूनी खेल; फायरिंग और पत्थरबाजी से थर्राया इलाका, सड़कों पर दहशत

धनबादः जिले के गोंदूडीह ओपी क्षेत्र के खरिकाबाद में कोयला ट्रांसपोर्टिंग को लेकर मंगलवार की रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की गई. घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा.
सड़क हादसे के बाद लोगों ने बंद करायी थी ट्रांसपोर्टिंग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोंदूडीह कोलियरी की ओर जा रहे एमपीएल के हाइवा की चपेट में आने से एक साइकिल सवार घायल हो गया. घायल विजय वर्णवाल भूली ओपी क्षेत्र के निवासी हैं और सब्जी बेचने का काम करता है. हादसे के बाद नाराज स्थानीय लोगों ने नीमधौड़ा के पास कोयला ढोने वाली गाड़ियों का परिचालन बाधित कर दिया, जिससे देर रात तक कोयला ट्रांसपोर्टिंग ठप रही.
ट्रांसपोर्टिंग शुरू कराने के लिए पहुंचे लोगों से विवाद
इसके बाद मंगलवार की रात करीब 10 बजे दो स्कॉर्पियो में सवार कुछ लोग जबरन कोयला ट्रांसपोर्टिंग शुरू कराने के लिए पहुंचे. इस दौरान उनका स्थानीय ग्रामीणों से विवाद हो गया. पहले कहासुनी हुई और फिर मामला बढ़ते-बढ़ते पत्थरबाजी तक पहुंच गया. इसी दौरान दहशत फैलाने के उद्देश्य से कई राउंड हवाई फायरिंग भी की गई.
चार थानों की पुलिस पहुंची घटनास्थल
वहीं घटना की सूचना मिलते ही गोंदूडीह ओपी प्रभारी लव कुमार चौधरी, केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय, पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन, भागाबांध ओपी प्रभारी धर्मराज समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई. हालांकि तब तक फायरिंग करने वाले लोग वहां से फरार हो चुके थे.
जांच में जुटी पुलिस
इस संबंध में गोंदूडीह ओपी प्रभारी लव कुमार चौधरी ने बताया कि मंगलवार को एमपीएल के हाइवा की चपेट में आने से एक स्थानीय सब्जी विक्रेता घायल हो गया था. जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कोयला ट्रांसपोर्टिंग रोक दी थी. इसके बाद रात में ट्रांसपोर्टिंग शुरू कराने के लिए कुछ लोग पहुंचे थे. कुछ देर बाद फायरिंग और पत्थरबाजी की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ओपी प्रभारी ने बताया कि स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि दो स्कॉर्पियो में सवार कुछ लोग वहां पहुंचे थे और ट्रांसपोर्टिंग शुरू कराने का दबाव बना रहे थे. विरोध करने पर उनकी ओर से कई राउंड फायरिंग की गई. इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू
पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा और एक 7.6 एमएम की जिंदा गोली बरामद की है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.





