यूनियन कार्बाइड की खंडहर दीवारों में अब गूंजेगी न्याय की कहानी! भोपाल गैस मेमोरियल बनाने पर लगी मुहर, सरकार ने हाई कोर्ट में बताया पूरा प्लान

जबलपुर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई के दौरान राज्य शासन की ओर से जानकारी पेश की गई कि यूनियन कार्बाइड परिसर में भोपाल गैस मेमोरियल बनाया जाएगा। इसके लिए अपर मुख्य सचिव भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजित की गई थी।
बैठक में सफाई, टाक्सिक वेस्ट को हटाने व आस-पास की खराब मिट्टी और ग्राउंड वाटर के सुधार, खराब प्लांट स्ट्रक्चर के डिटाक्सिफिकेशन और डीकंटैमिनेशन पर चर्चा की गई। सेंट्रल पाल्यूशन कंट्रोल बोर्ड द्वारा एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन रूल्स-2025 के तहत तैयार इस कार्य के लिए शार्ट-टेंडर जारी करने का निर्णय लिया गया है। कोर्ट ने इस जानकारी को रिकॉर्ड पर ले लिया। इसके साथ ही राज्य शासन को कार्य योजना की रिपोर्ट प्रस्तुत करने निर्देश जारी कर दिए।
बता दें कि भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री से दो व तीन दिसंबर 1984 की रात में जहरीली गैस का रिसाव होने से बड़ी त्रासदी हुई थी। मिथाइल आइसोसाइनेट नामक जहरीली गैस के रिसाव से बड़ी संख्या में हुई मौतों के कारण हुई इसे दुनिया की सबसे भीषण औद्योगिक आपदा माना गया। इसका असर आज भी कैंसर, सांस और दिव्यांगता जैसी बीमारियों के रूप में जारी है।




