“अब नहीं डूबेगी दिल्ली!”—CM रेखा गुप्ता ने शुरू किया ड्रेनेज रीमॉडलिंग प्रोजेक्ट; मानसून से पहले जलभराव खत्म करने का मास्टरप्लान तैयार

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार (14 मार्च) को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे कार्यों का औचक निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समय पर काम पूरा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इस काम से बरसात के समय जलभराव की समस्या कम होगी और सड़कें व आसपास का बुनियादी ढांचा भी मजबूत होगा.
मुख्यमंत्री ने हैदरपुर मेन रोड पर (बस स्टैंड से डीए ब्लॉक, शालीमार बाग तक) स्टॉर्म वाटर ड्रेन के रीमॉडलिंग कार्य का भी उद्घाटन किया. यह काम न्यू मास्टर ड्रेन प्लान 2025 के तहत किया जा रहा है, जिसमें आरसीसी ड्रेन बनाकर इलाके की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा. इस दौरान सीएण ने इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, जल निकासी व्यवस्था और जनसुविधाओं से जुड़े कई कार्यों की प्रगति का जायजा लिया.उन्होंने बताया कि रोड नंबर 319, आरयूबी शालीमार बाग, चौधरी मेहर चंद मार्ग, रोड नंबर 320 और स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती मार्ग पर भी ड्रेनेज सुधार कार्य शुरू किए गए.
यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी
सीएम ने शालीमार चौक पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए स्लिप रोड के निर्माण और आरयूबी के आसपास यू-टर्न विकसित करने के कार्य की भी शुरुआत की. इस पहल से क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा और स्थानीय निवासियों तथा यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी.
आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन
इसके साथ ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सहीपुर गांव चौपाल में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन भी किया. यह केंद्र क्षेत्र के निवासियों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ बनाएगा. इसके अतिरिक्त उन्होंने भगवान महावीर मार्ग और के. एल. बग्गा मार्ग पर मौजूदा स्टॉर्म वाटर ड्रेन के रीमॉडलिंग कार्य का भी उद्घाटन किया. इस परियोजना के तहत प्रीकास्ट फैक्ट्री निर्मित आरसीसी ड्रेन का निर्माण किया जाएगा, जो न्यू मास्टर ड्रेन प्लान 2025 के अनुरूप होगा. इस कार्य से क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा बारिश के दौरान होने वाली समस्याओं में कमी आएगी.
सड़क चौड़ीकरण कार्य का औचक निरीक्षण
इन परियोजनाओं के उद्घाटन के साथ ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग के सिंगलपुर लेबर चौक पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण और ड्रेनेज सुधार कार्यों का औचक निरीक्षण भी किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए. उन्होंने यह भी कहा कि सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ सुदृढ़ ड्रेनेज व्यवस्था का निर्माण बेहद आवश्यक है ताकि क्षेत्र में जलभराव की समस्या से स्थायी समाधान मिल सके.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के दौरान स्थानीय निवासियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए और कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के प्रत्येक क्षेत्र में सड़क, ड्रेनेज, यातायात और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. सरकार का लक्ष्य है कि दिल्ली के हर क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करते हुए नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.





