बादशाह के गाने ‘टटीरी’ पर बवाल! बाल आयोग ने सिंगर समेत 3 को भेजा नोटिस; क्या बच्चों का इस्तेमाल पड़ा भारी? पूछे गए 4 तीखे सवाल

पानीपत: टटीरी गाने पर उठे विवाद में गायक बादशाह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राज्य महिला बाद अब राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी मामले पर संज्ञान लिया है। आयोग ने वीडियो में स्कूल ड्रेस में महिला कलाकारों को दिखाने पर आपत्ति जताई है। आयोग ने बादशाह, गाने के निर्देशक समेत तीन को नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब तलब किया है। इसमें अमर्यादित बोल का मतलब, स्कूल ड्रेस में दिखाई महिला कलाकारों की उम्र, 18 साल से कम होने पर उनके अभिभावकों की सहमति आदि बिंदुओं पर जवाब मांगा है।
टटीरी गाने के अमर्यादित बोल पर विवाद होने के बाद गायक आदित्य सिसौदिया उर्फ बादशाह के खिलाफ लगातार शिकायत की जा रही हैं। राज्य बाल अधिकार व संरक्षण आयोग में पहुंची शिकायतों में कहा कि म्यूजिक वीडियो में स्कूल ड्रेस पहने कलाकारों को ऐसे दृश्यों में दिखाया है जो बच्चों की छवि और शिक्षा के प्रति नकारात्मक संदेश दे सकते हैं।
वीडियो में कलाकार स्कूल बैग फेंकते हुए, बस पर चढ़कर डांस करते और पढ़ाई से बेपरवाह नजर आते हैं। इन शिकायतों का संज्ञान लेकर आयोग ने वीडियो के डायरेक्टर महावीर सिंह संधू (माही संधू), जोबन संधू और गायक को नोटिस जारी किया है। 13 को नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा है। चेतावनी दी कि तय समय में जवाब न मिलने पर कार्रवाई होगी।
इन बिंदुओं पर मांगा जवाब
1. वीडियो में स्कूल ड्रेस में दिखाई देने वाले कलाकारों की उम्र क्या है इनमें से कोई 18 से कम का है तो उनके अभिभावकों का सहमति पत्र है या नहीं।
2. स्पष्ट किया जाए कि शूटिंग के दौरान बाल कलाकारों से संबंधित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन किया या नहीं।
3. जींद रोडवेज बस पर डांस करने के लिए विभाग से अनुमति ली गई या नहीं।
4. जींद सच्चा खेड़ा के स्कूल को दिखाया गया है। शिक्षा विभाग से इसकी अनुमति ली गई है या नहीं।





