Hazaribagh News: हजारीबाग में बच्ची की बर्बरतापूर्वक हत्या, विरोध में उतरी भाजपा, प्रशासन के खिलाफ मोर्चा

हजारीबाग: जिले के विष्णुगढ़ थाना इलाके के कुसुंबा गांव में पुलिस ने एक 12 साल की बच्ची का शव संदिग्ध हालत में बरामद किया है. घटना 25 मार्च की है. घटना के तीन दिन बाद बच्ची का अंतिम संस्कार किया गया. प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी निर्मम हत्या की गई है. बच्ची के बदन पर चोट के निशान स्पष्ट करते हैं कि दरिंदगी से हत्या की गई है.
हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने घटना पर दुख जाहिर किया है और सरकार से मांग की कि गुनहगार को फांसी की सजा हो. उन्होंने कहा कि इस घटना को रेयरेस्ट ऑफ द रेयर बताया. वहीं हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने बताया कि इस मामले को लेकर पुलिस जांच कर रही है. बहुत जल्द अपराधी गिरफ्तार होंगे. हजारीबाग एसपी के स्तर पर एसआईटी का गठन किया गया है.
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल और भाजपा विधायक पीड़ित परिवार को सांत्वना देने गांव पहुंचे. उन्होंने यह भी साफ किया कि अगर 24 घंटे के अंदर दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो सोमवार को हजारीबाग बंद रहेगा. राज्य भर के सभी जिला मुख्यालय में भी धरना दिया जाएगा. अगर फिर भी गिरफ्तारी नहीं हुई तो पूरा झारखंड ठप कर दिया जाएगा.
सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है. इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी उपायुक्त और एसपी मौके पर नहीं पहुंचे. एसडीपीओ सिर्फ औपचारिकता पूरी करने के लिए मौके पर हैं. 48 घंटे बाद भी दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है.
उन्होंने मांग की है कि प्रशासन 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार करे, ऐसा न होने पर सोमवार को पूरा हजारीबाग बंद रहेगा. राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर भाजपा धरना देगी. अगर फिर भी गिरफ्तारी नहीं हुई तो पूरा झारखंड ठप कर दिया जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कोयला और बालू चोरी में व्यस्त है. आम लोगों को सुरक्षा तक नहीं मिल पा रहा है.
भाजपा नेता अमर बाउरी ने सरकार और जिला प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि चार दिनों से शव गांव में पड़ा है. सरकार का कोई भी नुमाइंदा या जिला प्रशासन का कोई बड़ा अधिकारी इसकी सूध लेने नहीं पहुंचा है. इससे पता चलता है कि सरकार और जिला प्रशासन दोनों ही निष्क्रिय हैं और उनमें इंसानियत का नामोनिशान तक नहीं है.
गिरफ्तारी के बारे में, विष्णुगढ़ एसडीपीओ बैजनाथ प्रसाद ने कहा कि एक फोरेंसिक टीम और खोजी कुत्ते को मौके पर भेजा गया. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर ही कुछ कहा जा सकता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पीड़ित परिवार को भी सुरक्षा उपलब्ध करायी जा रही है.





