Khelo India Tribal Games: वेटलिफ्टिंग में महाराष्ट्र की साक्षी बुरकुले और छत्तीसगढ़ की रिशिका ने दिखाया दम

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत महिला 86 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले. पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र की साक्षी बंडू बुरकुले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि छत्तीसगढ़ की रिशिका कश्यप ने रजत और असम की बिटुपुना देओरी ने कांस्य पदक हासिल किया.
साक्षी बुरकुले का दबदबा, गोल्ड मेडल पर कब्जा
महाराष्ट्र की साक्षी बंडू बुरकुले ने पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा. उन्होंने स्नैच में 68 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 82 किलोग्राम वजन उठाते हुए कुल 150 किलोग्राम के साथ पहला स्थान हासिल किया. उनका प्रदर्शन तकनीकी रूप से मजबूत और संतुलित रहा, जिसने उन्हें अन्य प्रतिस्पर्धियों से आगे रखा.
रिशिका कश्यप ने दिलाया छत्तीसगढ़ को रजत पदक
मेजबान राज्य छत्तीसगढ़ की रिशिका कश्यप ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया. उन्होंने स्नैच में 55 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 71 किलोग्राम के साथ कुल 121 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया और राज्य के लिए रजत पदक सुनिश्चित किया.
असम की बिटुपुना देओरी को कांस्य
असम की बिटुपुना देओरी ने 118 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक हासिल किया. वहीं असम की लिंडा 114 किलोग्राम के साथ चौथे स्थान पर रहीं. त्रिपुरा की सुमी मोग (77 किलोग्राम) पांचवें और आंध्र प्रदेश की जेसी रानी (61 किलोग्राम) छठे स्थान पर रहीं. सभी खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता के अनुसार जोरदार प्रदर्शन किया.
रोमांचक मुकाबले और दर्शकों का उत्साह बना आकर्षण
पूरी स्पर्धा के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली.हर खिलाड़ी ने अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास किया. दर्शकों ने भी जोरदार उत्साहवर्धन कर माहौल को जीवंत बनाए रखा, जिससे प्रतियोगिता और अधिक रोमांचक बन गई.





