Chaudhary Devi Lal 25th Death Anniversary: जननायक को नमन! चौधरी देवीलाल की 25वीं पुण्यतिथि पर JJP परिवार ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
सिरसा: देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी देवीलाल की 25वीं पुण्यतिथि सोमवार को मनाई गई. इस अवसर पर जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों ने उनके जीवन और शिक्षाओं को याद किया. डबवाली से पूर्व विधायक नैना चौटाला ने जेजेपी जिला कार्यकारिणी के साथ बरनाला रोड स्थित चौटाला हाउस के सामने स्थित चौधरी देवीलाल सामुदायिक पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए.
श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन: श्रद्धांजलि समारोह में सभी पंथों के धार्मिक प्रतिनिधियों ने सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया. इसमें दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और उनके योगदान को याद किया गया. इस दौरान मौजूद समाजसेवियों और कार्यकर्ताओं ने चौधरी देवीलाल के आदर्शों और मूल्यों का अनुसरण करने का संकल्प लिया.
चौधरी देवीलाल के योगदान को किया गया याद: इस दौरान श्रद्धांजलि देने पहुंची पूर्व विधायक नैना चौटाला ने कहा कि, “आज चौधरी देवीलाल की 25वीं पुण्यतिथि है. उन्होंने अपने जीवन में संघर्ष से लेकर राजनीतिक सियासत तक हर क्षेत्र में काम किया. वह उप प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बने और कई योजनाओं को धरातल पर लागू किया. उन्होंने बुढ़ापा पेंशन शुरू की और किसानों के मसीहा के रूप में काम किया.”
“समाज और किसानों के लिए आवाज़ उठाई”: वहीं, श्रद्धांजलि देने पहुंचे जेजेपी के जिला अध्यक्ष अशोक वर्मा ने कहा कि, “आज हम चौधरी देवीलाल को याद करने के लिए एकत्र हुए हैं. उन्होंने किसानों और समाज के दबे-कुचले, पिछड़े वर्ग के लिए आवाज़ उठाई. आज हरियाणा ही नहीं, पूरे भारत में लोग उन्हें मानते हैं. यह महापुरुष सब पार्टियों से ऊपर हैं और उनका सम्मान सभी करते हैं.”
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.