Raghav Chadha News: ‘मेरे सामने 3 विकल्प थे…’, बीजेपी में शामिल होने के बाद राघव चड्ढा ने वीडियो जारी कर खोला राज
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा इन दिनों सुर्खियों में बने हुए हैं. हाल ही में उन्होंने आम आदमी पार्टी का साथ छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया. उनके इस फैसले पर कई लोग उनकी आलोचना भी कर रहे हैं. इस बीच सोमवार (27 अप्रैल) को सांसद सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर AAP छोड़ने और बीजेपी में शामिल होने के अपने निर्णय पर विस्तार से सफाई दी.
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में चड्ढा ने बताया कि आम आदमी पार्टी छोड़ने के ऐलान के बाद से उन्हें बड़ी संख्या में संदेश मिल रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘पिछले तीन दिनों से मुझे आप सभी से बहुत सारे संदेश मिल रहे हैं. आप में से अधिकतर लोग मुझे शुभकामनाएं दे रहे हैं और बधाई दे रहे हैं. वहीं कुछ लोग मेरे इस फैसले के पीछे की वजह जानना चाहते हैं’.
15 साल के सफर का जिक्र
वीडियो में चड्ढा ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन के 15 साल आम आदमी पार्टी को दिए. उन्होंने खुद को पार्टी का संस्थापक सदस्य बताते हुए कहा ‘मैं राजनीति में करियर बनाने नहीं आया था. मैं एक राजनीतिक दल का संस्थापक सदस्य बना. मैंने अपनी जवानी के 15 साल इस पार्टी को अपने खून-पसीने और कड़ी मेहनत से दिए’.
पार्टी के कामकाज की कड़ी आलोचना
इस दौरान उन्होंने मौजूदा समय में पार्टी के कामकाज की कड़ी आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि समय के साथ इसमें बदलाव आया है और यह अब वह संगठन नहीं रहा जो कभी हुआ करता था. उन्होंने कहा ‘आज यह पार्टी पुरानी पार्टी नहीं रही. आज इस पार्टी में काम करने का माहौल बहुत खराब है. आपको काम करने से रोका जाता है. आपको संसद में बोलने से रोका जाता है’.
BJP में शामिल होने का कारण
बीजेपी में शामिल होने के अपने फैसले के बारे में बताते हुए चड्ढा ने कहा कि उन्हें पार्टी में लगातार बेगानापन महसूस हो रहा था. सांसद ने कहा कि उन्हें लगने लगा था कि वह सही व्यक्ति हैं, लेकिन गलत पार्टी में हैं. चड्ढा ने कहा कि उन्होंने राजनीति से पूरी तरह बाहर निकलने, पार्टी के भीतर सुधार की कोशिश करने या किसी अन्य राजनीतिक मंच पर जाने जैसे कई विकल्पों पर विचार किया था, और अंततः उन्होंने अंतिम विकल्प चुना.
‘सात लोग गलत नहीं हो सकते’
सांसद राघव चड्ढा ने यह भी दावा किया कि उनका यह फैसला अकेला नहीं है. उन्होंने कहा कि एक नहीं, दो नहीं, तीन नहीं, चार नहीं, पांच नहीं, छह नहीं बल्कि सात सांसदों ने इस राजनीतिक दल से अपना संबंध तोड़ने का फैसला किया है. उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति गलत हो सकता है, दो लोग गलत हो सकते हैं, लेकिन सात लोग गलत नहीं हो सकते.
इस्तीफे के पीछे दबाव या डर को नकारा
इसके साथ ही उन्होंने उन आरोपों को भी नकारा जिनमें कहा जा रहा था कि यह इस्तीफा दबाव या डर के कारण लिया गया था. उन्होंने साफ कहा कि हमने डर के कारण नहीं, बल्कि निराशा, मोहभंग और घृणा के कारण इस्तीफा दिया. उन्होंने आगे कहा कि AAP छोड़ने के बावजूद, वो अपनी राजनीतिक सक्रियता और जनसंपर्क जारी रखेंगे. उन्हों कहा, ‘मैं और अधिक ऊर्जा और उत्साह के साथ आपकी समस्याओं को उठाना जारी रखूंगा’.
AAP छोड़ने और BJP में शामिल होने के 24 घंटे के भीतर ही सांसद राघव चड्ढा को सोशल मीडिया पर भारी प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ा. पोर्ट्स के मुताबिक, उनके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स में तेज गिरावट आई. उनके 10 लाख से अधिक फॉलोअर्स कम हो गए, जो बाद में बढ़कर 20 लाख तक पहुंच गए.
BJP के खिलाफ पुराने बयान वायरल
राघव चड्ढा के इस कदम से सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया भी देखने को मिली. ,जहां उनके कई समर्थकों ने बीजेपी में शामिल होने के उनके फैसले की आलोचना की. इसके अलावा, उनके पुराने वीडियो क्लिप और बीजेपी की आलोचना करने वाले उनके पुराने बयान फिर से ऑनलाइन सामने आए, जिससे उनके राजनीतिक बदलाव को लेकर बहस और तेज हो गई.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.