Kedarnath and Pashupatinath Connection: केदारनाथ और पशुपतिनाथ का क्या है अद्भुत संबंध? जानें शिव के इन दो धामों का रहस्य
Lord Shiva temples: शिव और शक्ति की महिमा अनंत है, लेकिन जब बात महादेव के केदारनाथ (भारत) और पशुपतिनाथ (नेपाल) स्वरूप की आती है, तो यह केवल दो मंदिरों की कहानी नहीं रह जाती. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इन दोनों मंदिरों के बीच एक ऐसा गहरा और अटूट आध्यात्मिक संबंध है. कहा जाता है कि यदि केदारनाथ के दर्शन के बाद पशुपतिनाथ के दर्शन न किए जाएं, तो यात्रा अधूरी मानी जाती है. आइए विस्तार से जानते हैं इसके पीछे की पौराणिक कथा और आध्यात्मिक रहस्य.
क्या है पौराणिक कथा?
पौराणिक कथाओं के अनुसार, महाभारत युद्ध के बाद जब पांडव अपने पापों से मुक्ति पाने के लिए भगवान शिव की शरण में गए, तो शिव उनसे नाराज होकर उनसे मिलने से बचने लगे. वे विभिन्न स्थानों पर छिपते हुए आखिर में गुप्त रूप में उत्तराखंड के केदार क्षेत्र में आकर बस गए. बताया जाता है कि भगवान शिव ने बैल (नंदी) का रूप धारण कर लिया, लेकिन पांडवों ने उन्हें पहचान लिया. जैसे ही पांडवों ने उस बैल को पकड़ने की कोशिश की, शिव भूमि में समाने लगे. उस दौरान उनका शरीर अलग-अलग हिस्सों में विभाजित हो गया. केदारनाथ में शिव का धड़ (कुबड़) प्रकट हुआ जबकि उनका मुख पशुपतिनाथ (नेपाल) में प्रकट हुआ. इसी कारण इन दोनों धामों को एक-दूसरे से जुड़ा हुआ माना जाता है.
केदारनाथ और पशुपतिनाथ का आध्यात्मिक संबंध
केदारनाथ मंदिर बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है और यहां भगवान शिव केदारेश्वर के रूप में पूजे जाते हैं. यह मंदिर हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच स्थित है और हर साल लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं.वहीं पशुपतिनाथ मंदिर को भगवान शिव के सबसे प्राचीन और पवित्र मंदिरों में से एक माना जाता है. यहां शिव पशुपति यानी समस्त जीवों के स्वामी के रूप में पूजे जाते हैं. धार्मिक मान्यता है कि जो भक्त केदारनाथ और पशुपतिनाथ दोनों धामों के दर्शन करता है, उसे विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है और उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.