मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कांग्रेस बीजेपी आमने-सामने, बैज बोले बस्तर की हुई उपेक्षा,सिंहदेव ने किया पलटवार

बस्तर : छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद प्रदेश भर में सियासी पारा हाई है. जिसके बाद छत्तीसगढ़ में दोनों ही बड़े राजनीतिक संगठनों में प्रदेश की जिम्मेदारी निभाने वाले प्रदेश के दोनों कांग्रेस-बीजेपी अध्यक्ष आमने सामने हैं. एक तरफ कांग्रेस ने बीजेपी के जनाधार वाले नेताओं की राजनीतिक हत्या करने का आरोप लगाकर बस्तर में उपेक्षा करने की बात कही है. वहीं दूसरी ओर बीजेपी ने कहा है कांग्रेस अपने संगठन पर ध्यान दें न कि बीजेपी पर.
मंत्रिमंडल में बस्तर की हुई उपेक्षा :कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का कहना है कि बीजेपी के बड़े नेता जिनमें लता उसेंडी, विक्रम उसेंडी बस्तर में हैं. साथ ही उनकी सरकार के दौरान बस्तर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद पर बस्तर के नेताओं को ही जिम्मेदारी दी गई थी. दो – दो मंत्री बस्तर में हुआ करते थे.वहीं कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए नेताओं को मंत्री बनाने के सवाल पर दीपक बैज ने बयान दिया.
बीजेपी में अब वरिष्ठ नेताओं की राजनीतिक हत्या करने का प्रयास सरकार कर रही है. बीजेपी के पास कोई भरोसे के नेता बचे नहीं है. अजय चंद्राकर, राजेश मूणत, अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, लता उसेंडी और विक्रम उसेंडी ये सब नेता अब बीजेपी के लिए उपयुक्त नहीं है. जिसके कारण मार्गदर्शक मंडल में डाल दिया गया है. स्पष्ट है बीजेपी इनका राजनीतिक दरवाजा हमेशा के लिए बंद कर रही है – दीपक बैज, पीसीसी चीफ
वहीं कांग्रेस के बयान पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव ने पलटवार किया है.
दीपक बैज के द्वारा अनुचित टिप्पणी की जा रही है. बल्कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को अपने संगठन पर ध्यान देना चाहिए. मुख्यमंत्री का विशेष अधिकार है कि वह किसे मंत्री बनाना चाहते हैं. पहले से ही केदार कश्यप बस्तर से मंत्री हैं. इसके अलावा कोंडागांव विधायक लता उसेंडी बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और मैं स्वयं प्रदेश अध्यक्ष की भूमिका में हूं – किरण सिंहदेव, प्रदेशाध्यक्ष बीजेपी
छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब कांग्रेस बड़े नेताओं को दरकिनार करने के आरोप लगाते हुए बीजेपी पर हमला कर रही है.वहीं दूसरी तरफ बीजेपी का मानना है कि किसी भी नेता को दरकिनार नहीं किया गया है,संगठन और पार्टी सबसे बड़ा होता है पद नहीं.जिसे जो काम दिया जाता है,वो पूर्ण निष्ठा के साथ पूरा करता है.





