पत्नी की हत्या कर पति ने दी जान देने की कोशिश, दोनों की थी दूसरी शादी

जांजगीर चांपा: ये सनसनीखेज घटना छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले की है. बलौदा बाजार के रहने वाला जगदीश देवांगन अपनी पत्नी गायत्री देवांगन के साथ जांजगीर चांपा में रहता था. लेकिन दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. पति पत्नी का झगड़ा इतना बढ़ गया कि इनके घर के दरवाजे से खून की धारा बहने लग गई.
विवाद के बाद पत्नी की हत्या, खुद भी जान देने की कोशिश: जांजगीर चांपा जिला मुख्यालय में शारदा मंगलम भवन के पीछे की घटना है. रविवार को पति पत्नी के बीच जमकर विवाद हुआ. फिर कमरे से चीख पुकार की आवाज आने लगी. लेकिन कुछ समय बाद सब शांत हो गया. बंद कमरे के दरवाजा के नीचे से खून बहने लगा. पड़ोसियों ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. दरवाजा तोड़ कर अंदर देखा तो पति पत्नी दोनों खून से सने हुए थे. तुरंत एंबुलेंस बुलाकर दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई. पति का इलाज चल रहा है.
शक ने परिवार को उजाड़ा: अस्पताल ले जाने के बाद पुलिस की पूछताछ में पत्नी गायत्री देवांगन ने बताया कि उसके पति जगदीश ने उस पर चाकू से हमला किया. गायत्री ने चरित्र शंका में आए दिन विवाद की जानकारी भी पुलिस को दी. इस बयान को देने के बाद गायत्री ने दम तोड़ दिया. आस पास के लोगों ने भी पूछताछ में पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद की जानकारी दी.
दोनों की थी दूसरी शादी: एडिशनल एस पी उमेश कुमार साहू ने घटना की जानकारी मीडिया को दी. उन्होंने बताया “पति पत्नी में आपस में गंभीर झगड़ा हो रहा है. दोनों को गंभीर चोटें आई है. तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची तो पति ने चरित्र शंका में पत्नी को धारदार हथियार से घायल कर दिया गया था और खुद भी अपने हाथ की नस काट ली थी. दोनों को अस्पताल ले जाया गया. जहां पत्नी की मौत हो गई. आरोपी पति का इलाज चल रहा है. अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है. दोनों का दूसरा विवाह था.”





