भिलाई स्टील प्लांट में मनाई गई विश्वकर्मा जयंती, सांसद विजय बघेल ने भी की पूजा

भिलाई: सृजन के देवता भगवान विश्वकर्मा की जयंती बुधवार को पूरे प्रदेश में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई. भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में भी विभिन्न विभागों में भव्य आयोजन किए गए. संयंत्र के कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर संयंत्र की सुरक्षा, समृद्धि और शांति की कामना की. सांसद विजय बघेल भी शामिल हुए.
संयंत्र के हर विभाग में हुई पूजा: रेल मिल, मर्चेंट मिल, फोर्ज शॉप और सिण्टर्स प्लांट सहित संयंत्र के लगभग सभी प्रमुख विभागों में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पूजा-अर्चना की गई. कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति की स्थापना कर विधिवत पूजन किया.
सांसद ने दी बधाई: इस अवसर पर दुर्ग सांसद विजय बघेल ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर संयंत्र कर्मियों को शुभकामनाएं दीं. साथ ही उन्होंने अलग अलग विभागों का दौरा कर कर्मियों से बातचीत भी की.
विश्वकर्मा जयंती श्रमिकों के जीवन का खास दिन है. आज का दिन एकता और समर्पण का प्रतीक है, जहां सभी कर्मचारी साथ मिलकर कामयाबी की प्रार्थना करते हैं. –विजय बघेल, सांसद दुर्ग
कर्मियों ने मांगी संयंत्र में सुरक्षा की दुआ: इस मौके पर कर्मचारियों ने भी विश्वकर्मा भगवान से संयंत्र में कार्य करते समय दुर्घटना से बचाव और सुरक्षित वातावरण की प्रार्थना की.
हम हर साल यह पर्व श्रद्धा से मनाते हैं, ताकि संयंत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे. संयंत्र कर्मी
भगवान विश्वकर्मा को देवताओं का शिल्पी और निर्माण का देवता माना जाता है. तकनीकी, निर्माण और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े लोग हर साल उनकी जयंती पर औजारों और मशीनों की पूजा करते हैं.
भिलाई स्टील प्लांट क्या है: BSP स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) की एक प्रमुख इकाई है, जो छत्तीसगढ़ के भिलाई में स्थित है. इसे सोवियत संघ की मदद से 1955 में स्थापित किया गया था, जो भारत का पहला और सबसे बड़ा रेल और भारी स्टील उत्पादक है. भारतीय रेलवे के लिए विश्व स्तरीय उपकरण की आपूर्ति करता है. यह भारत के बुनियादी ढांचे के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है.





