हिंदुत्व हुंकार रैली: मंत्री खुशवंत ने कहा धर्मांतरण के खिलाफ बनेगा कठोर कानून, टी राजा ने तलवार लहराकर कही धर्म रक्षा की बात

कोरबा: विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा धर्मांतरण सहित कथित लव जिहाद, लैंड जिहाद और गौ-तस्करी जैसे मुद्दों के खिलाफ हिन्दुत्व हुंकार रैली आयोजित की गई. रविवार को कोरबा के ओपन थियेटर घंटाघर मैदान में इस रैली में शामिल होने तेलंगाना से विधायक और हिंदूवादी नेता टी राजा के साथ छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब शामिल हुए.
मुख्य वक्ता टाइगर राजा सिंह ने मंच से तलवार लहराते हुए कहा कि धर्म की रक्षा के लिए हर हिंदू के घर में एक तलवार जरूर होनी चाहिए. जबकि खुशवंत ने कहा कि सीएम ने धर्मांतरण के खिलाफ कानून की बात कही है. जल्द ही छत्तीसगढ़ में एक कठोर कानून बनेगा. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक सतेंद्र नाथ दुबे, प्रांत मंत्री विभूतिभूषण पांडेय, कार्यक्रम अध्यक्ष संतोष अग्रवाल और राणा मुखर्जी भी मंच पर मौजूद रहे.
खचाखच भीड़ अव्यवस्था का भी माहौल : हिंदूवादी नेताओं और हिंदुत्व संगठनों के बीच टी राजा काफी पॉप्युलर हैं. जिनके आने की सूचना से घंटाघर में काफी भीड़ लग गई थी. हिंदूवादी संगठन से जुड़े युवा और कार्यकर्ता बड़ी तादाद में मैदान में एकत्रित हो गए, हालांकि सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए थे. लेकिन भीड़ को नियंत्रित करना बेहद मुश्किल हो गया मंच और मंच के आसपास काफी अव्यवस्था भरा माहौल रहा. इन्हीं अव्यवस्थाओं के बीच आयोजन संपन्न हुआ.





