लद्दाख और मणिपुर में सरकार फेल, नक्सलवाद का अंत सामूहिक प्रयास से हो रहा: टीएस सिंहदेव

सरगुजा: शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बस्तर दौरे पर रहे. प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि नक्सलवाद खत्म हो ऐसा हम सभी चाहते हैं. सिंहदेव ने कहा कि नक्सलवाद पर जो अंकुश लगा है वो किसी एक सरकार के काम से नहीं हुआ. ये सामूहिक प्रयास से हुआ है. सिंहदेव ने कहा कि जब यूपीए की सरकार में मनमोहन सिंह पीएम थे तब उन्होने नक्सली हिंसा और समस्या को देश की सबसे बड़ी चुनौती बताया था.
”मणिपुर और लद्दाख में सरकार फेल”: सिंहदेव ने कहा कि कहा कि अच्छी बात है कि नक्सलवाद जैसी आंतरिक समस्या को लेकर केंद्र और राज्य दोनों चिंतित हैं. लेकिन जो मणिपुर और लद्दाख में हुआ उसपर भी सरकार को कुछ कहना चाहिए. सिंहदेव ने कहा कि लद्दाख और मणिपुर में जो कुछ हुआ वो ये साबित करता है कि सरकार वहां पर फेल साबित हुई.
”बीजेपी के शासन में हुआ झीरम कांड”: पूर्व उपमुख्यंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश में 15 साल तक भाजपा की सरकार रही और उनकी सरकार रहते ही झीरम जैसा बड़ा कांड हुआ. सिंहदेव ने आरोप लगाया कि नक्सलवाद पर जो अंकुश लगा है कि उसकी सफलता का श्रेय सिर्फ बीजेपी को नहीं मिलना चाहिए. सिंहदेव ने कहा कि ये सामूहिक प्रयासों का नतीजा है कि नक्सलवादी घटनाओं में कमी आई है.
झीरम कांड का जिक्र: सिंहदेव ने कहा कि नक्सलवाद छत्तीसगढ़ में 80 के दशक में पनपा है, जब आंध्र प्रदेश में बड़ी कार्रवाई हुई तो वहां पर जो नक्सली थे वो छतीसगढ़ के जंगलों आ गए. ये वही आंध्र प्रदेश है जहां आजादी के पहले कम्युनिस्ट पार्टी बहुत ज्यादा सक्रिय थी. उनके इलाके में जब कार्रवाई तेज हुई तो वो वहां से पड़ोसी राज्यों में मूव कर गए. अगर नक्सलवाद पर लगाम लगाने का श्रेय बीजेपी लेना चाहती है तो मैं बता दूं कि उनकी पार्टी और सरकार इस समस्या के समाधान में पूर्व में विफल साबित हो चुकी है. झीरम घाटी में हुआ हमला इसका सबसे बड़ा उदाहरण है.
हम लोग भी यही बोलते थे की आप उनको घेरें, उनके रास्तों को बंद करें, कैम्पों की संख्या को बढ़ाएं, आधुनिक जांच, थर्मल इमेजिंग की व्यवस्था का उपयोग करिए. 2020 से जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तब नक्सलवाद को लेकर विशेष अभियान शुरू किया गया, कांग्रेस ने कई कैम्प बनाकर नक्सलियों को एक कैम्प पर घात करने का मौक़ा ना मिले इसको लेकर काम किया. सुंदरराज पी को हमने जिम्मेदारी सौंपी. आज हमारे काम का असर दिखाई दे रहा है. लेकिन अब जब फसल काटने की बारी आई तो बीजेपी आगे खड़ी है: टीएस सिंहदेव, पूर्व डिप्टी सीएम, छत्तीसगढ़
बीजेपी सरकार पर कसा तंज: सिंहदेव ने कहा कि उत्तर छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को काबू में करने के लिए एक अधिकारी थे कल्लूरी उन्होंने प्रो एक्टिव होकर कदम उठाये. कल्लूरी ने माओवादियों पर दबाव बनाया और नक्सलियों के खिलाफ शासकीय तंत्र को मजबूत किया. जिसके बाद उस क्षेत्र में शांति बढ़ी. फोर्स का मूवमेंट भी बढ़ा.





