डिजिटल पेमेंट का साइड इफेक्ट! UPI फेल होने पर वेंडर ने की हद पार, समोसे के बदले उतरवा ली ग्राहक की ‘महंगी घड़ी’
मध्य प्रदेश के जबलपुर को संस्कारधानी कहा जाता है लेकिन इसी संस्कारधानी वाले शहर जबलपुर के रेलवे स्टेशन से एक शर्मनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. जिसने यात्रियों की सुरक्षा और वेंडर सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्लेटफार्म नंबर 5 पर एक समोसा बेचने वाले वेंडर ने एक रेल यात्री के साथ ऐसी हरकत कर डाली, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. बताया जा रहा है कि यात्री ने वेंडर से समोसा खरीदा था और यूपीआई से भुगतान करने की कोशिश की लेकिन ट्रांजैक्शन फेल हो गया. इसी बीच ट्रेन के चलने से यात्री जल्दी में प्लेटफार्म छोड़ने लगा, तो समोसा वेंडर ने उसकी कॉलर पकड़ ली और समोसे के बदले जबरदस्ती उसकी कलाई से घड़ी उतरवा ली.
यह पूरी घटना 34 सेकंड के वीडियो में कैद हो गई जिसे होनेस्ट क्रिकेट लवर नाम के सोशल मीडिया यूजर ने X पर शेयर किया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रेन धीरे-धीरे प्लेटफार्म से रवाना हो रही है. यात्री बिना समोसा लिए ट्रेन की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहा है, तभी वेंडर उसे रोककर उसकी कॉलर पकड़ लेता है. जैसे ही यात्री बचने की कोशिश करता है, वेंडर उसकी कलाई की घड़ी जबरदस्ती उतरवा लेता है. यह सब देख वहां मौजूद अन्य यात्रियों में भी आक्रोश फैल गया.





