छठ महापर्व के लिए सजा बाजार, खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
बलरामपुर रामानुजगंज : छठ महापर्व की तैयारियां शुरू हो चुकी है. रामानुजगंज के बाजार छठ पूजा के सामानों से सज गए हैं. छठ पूजा के लिए फल, पूजन सामग्री, सूप, दौरा, मिट्टी के दीये ढक्कन समेत कोसी की खरीदारी के लिए बाजार में भीड़ उमड़ रही है.
छठ पूजा की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ : रामानुजगंज के पीपल चौक पर छठ पूजा के लिए पूजन सामग्री बेच रहे दुकानदार सौरभ केशरी ने बताया कि इस बार छठ पूजा के लिए बाजार में काफी रौनक है छठ के लिए आठ दस प्रकार का सूखा मेवा, पान पत्ता, कसैली, अबीर गुलाल उपलब्ध हैं. सूप दौरा डोली ये सब छठ पूजा की चीजें लोग खरीदने पहुंच रहे हैं.छठ पूजा के लिए परंपरागत रुप से मिट्टी के दीये ढकनी सबसे ज्यादा इस्तेमाल होते हैं. मिट्टी का दीया बेचने वाली महिला ने बताया कि वो कैसे मिट्टी के दीये तैयार करती हैं.
मिट्टी लाकर उसे पानी में फुलाते हैं. फिर चाक पर दीये बनाते हैं. दीयों को बेचने के लिए बाजार आए हैं. जिसमें ढक्कन दीया, पांच दीया और दो दीया है. छठ का बाजार अभी शुरू हो रहा है- सीतापति देवी, कुम्हार
उत्साह के साथ छठ पूजा के लिए खरीदारी : छठ व्रत के लिए खरीदारी करने पहुंचे विकास दुबे ने ईटीवी भारत से बात करते हुए कहा कि छठ पूजा का बाजार सज गया है. हम छठ पूजा का सामान खरीदने बाजार में आए हुए हैं पूरे उत्साह के साथ लोग छठ का सामान खरीदते हैं.
कब से शुरु हो रहा छठ पर्व : इस बार 25 अक्टूबर से नहाए खाए से छठ पूजा की शुरूआत होगी. 26 अक्टूबर को खरना होगा. 27 अक्टूबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा जबकि 28 अक्टूबर की सुबह उगते हुए भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर इस चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा.





