पीएम मोदी से कांग्रेस ने पूछे 21 सवाल, एलपीजी सिलेंडर और महतारी वंदन समेत कई मुद्दों पर मांगा जवाब
रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले कांग्रेस ने बीजेपी सरकार से कई सवाल पूछे हैं. गुरुवार को रायपुर के राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सवालों की झड़ी लगा दी. दीपक बैज ने पीएम मोदी से 21 सवाल पूछे हैं. इनमें 500 में गैस सिलेंडर, महतारी वंदन, बिजली बिल हाफ, रोजगार, किसानों की समस्याएं, कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाएं जैसे मुद्दे शामिल हैं.
कांग्रेस का मोदी सरकार पर आरोप: कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने मोदी के प्रवास की तैयारियों में करोड़ों रुपये खर्च कर दिए, जबकि राज्य के अस्पतालों में मरीजों को दवा और बेड तक नहीं मिल रहे.
कांग्रेस के 21 सवाल, जनता की ओर से मांगे जवाब: कांग्रेस ने कहा कि यह सारे सवाल जनता की ओर से पूछे गए हैं. कांग्रेस के 21 सवालों पर एक नजर
- 500 रुपये में घरेलू गैस सिलेंडर देने की “मोदी गारंटी” कहां गई?
- महतारी वंदन योजना में 1.25 करोड़ विवाहित महिलाओं में से आधे को भी पैसा नहीं मिला, क्या यह धोखा नहीं?
- बिहार की महिलाओं को 10 हजार और छत्तीसगढ़ की महिलाओं को सिर्फ 1 हजार रुपये, ऐसा भेदभाव क्यों?
- भाजपा ने पांच साल में 1 लाख सरकारी नौकरी देने का वादा किया था, दो साल में 40 हजार की जगह दो हजार भी नौकरी नहीं दी गई, इस पर जवाब क्या है?
- संविदा, आंगनबाड़ी, मितानिन, एनआरएचएम कर्मियों को 100 दिन में नियमित करने का वादा अधूरा क्यों?
- आपने कहा था ऑनलाइन बेटिंग एप और शराब माफिया पर सख्त कार्रवाई होगी पर आज भी ऐप चल रहा, कार्रवाई कहां है?
- सट्टा और शराब से होने वाली काली कमाई का पैसा कहां जा रहा है?
- हसदेव से तमनार तक जंगल काटकर उद्योगपतियों को फायदा क्यों दिया जा रहा है?
- डबल इंजन सरकार में बिजली के दाम तीन से चार गुना बढ़े,क्या यह जनता के साथ अन्याय नहीं?
- राज्य में कानून-व्यवस्था चरमराई, हत्या, लूट, बलात्कार, गोलीबारी बढ़े, क्या यही “सुशासन” है?
- बांग्लादेशी घुसपैठ और पाकिस्तान से ड्रग्स आने की बात आपकी सरकार खुद कहती है तो यह केंद्र सरकार की विफलता नहीं?
- डबल इंजन की बात के बावजूद केंद्र सरकार ने राज्य से खरीदे गए धान का पूरा चावल सेंट्रल पूल में क्यों नहीं लिया?
- साल 2023 के बाद कितने नए प्रधानमंत्री आवास, केंद्र ने स्वीकृत किए?
- किसान आज भी यूरिया-डीएपी के लिए भटक रहे हैं, क्या यही डबल इंजन का लाभ है?
- आपकी सरकार ने 10,463 स्कूल बंद किए, एक भी नया स्कूल नहीं खोला, शिक्षा पर यह प्रहार क्यों?
- 15 लाख रुपये खाते में और 2 करोड़ रोजगार का वादा कब पूरा होगा?
- बस्तर में आई बाढ़ से सबकुछ तबाह हुआ, केंद्र ने कोई विशेष पैकेज क्यों नहीं दिया?
- छत्तीसगढ़ की यात्री ट्रेनें लगातार रद्द की जा रही हैं. राज्य से 64,000 ट्रेन के फेरे रद्द हुए, ऐसा सौतेला व्यवहार क्यों?
- नगरनार इस्पात संयंत्र अभी भी विनिवेशीकरण की सूची में क्यों है?
- एनएमडीसी का मुख्यालय बस्तर क्यों नहीं लाया जा रहा?
- क्या मोदी जी यह गारंटी देंगे कि बस्तर की जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा किसी उद्योगपति की जागीर नहीं बनेगी?
“जनता के पैसों को पीएम के दौरे पर खर्च कर रही सरकार”: कांग्रेस ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. कांग्रेस ने पूछा कि प्रधानमंत्री के दौरे पर राज्य सरकार ने करोड़ों रुपये प्रचार और मंच साज-सज्जा पर खर्च कर दिए, जबकि रायपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसूति वार्ड में एक बेड पर दो महिलाओं को नवजात के साथ सोना पड़ रहा है.
जो सरकार पीएम मोदी के स्वागत पर करोड़ों उड़ा दे, लेकिन अस्पतालों में दवाएं और बेड न दे पाए, उसे जनता जवाब देगी- दीपक बैज, पीसीसी चीफ, छत्तीसगढ़
दीपक बैज ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी के ये सवाल किसी राजनीतिक विद्वेष से नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से उठाए गए हैं. हम उम्मीद जताते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्योत्सव के मंच से जनता को इन सवालों के जवाब देंगे.





