संजू सैमसन के 97 रन और गौतम गंभीर का वो पुराना बयान! जानें क्या थी वो भविष्यवाणी जो आज सच हो गई

संजू सैमसन की धमाकेदार नाबाद 97 रनों की पारी ने न सिर्फ टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचाया, बल्कि क्रिकेट जगत में गौतम गंभीर की एक पुरानी भविष्यवाणी को भी सच साबित करते दिया. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ 196 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए सैमसन ने 50 गेंदों पर 12 चौके और 4 छक्कों की मदद से यह कमाल किया, जो भारत की जीत की सबसे बड़ी वजह रही. यह पारी देखकर फैंस और को गंभीर का वो बयान याद आ गया, जो उन्होंने सालों पहले दिया था.
गंभीर की 2020 वाली भविष्यवाणी हुई सच
साल 2020 में, जब सैमसन IPL में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे थे और एक मैच में शानदार पारी खेली थी, तब गौतम गंभीर ने कहा था कि संजू सैमसन न सिर्फ भारत के बेस्ट विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं, बल्कि सबसे प्रतिभाशाली युवा बल्लेबाज भी हैं. गंभीर ने कहा था, ‘संजू सैमसन भारत के सबसे अच्छे युवा बल्लेबाज हैं, और अगर वह भारत के लिए नहीं खेल पाए तो यह संजू का नहीं, बल्कि भारत का नुकसान होगा.’ उन्होंने यह भी उम्मीद जताई थी कि संजू को रोहित शर्मा और विराट कोहली की तरह लगातार मौके और समर्थन मिलना चाहिए, क्योंकि वह दुनिया के बेस्ट बल्लेबाजों में से एक बन सकते हैं.
यह बयान उस समय काफी चर्चा में रहा था, क्योंकि सैमसन को लगातार मौके नहीं मिल रहे थे और कई बार टीम से बाहर भी रहते थे. लेकिन गंभीर ने उनके टैलेंट पर पूरा भरोसा जताया था. आज स्थिति दिलचस्प है, गौतम गंभीर खुद टीम इंडिया के हेड कोच हैं और सैमसन ने ठीक उसी तरह प्रदर्शन किया, जैसा गंभीर ने सालों पहले कहा था. मैच के बाद गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैमसन की तारीफ करते हुए कहा कि वे हमेशा जानते थे कि संजू बड़े मौके पर चमकेंगे. उन्होंने कहा, ‘वो वर्ल्ड क्लास प्लेयर है. टीम को सबसे ज्यादा जरूरत थी, उसी दिन उन्होंने अपना पोटेशियल दिखाया. उम्मीद है कि यह उनका किक ऑफ करने का समय है, अभी दो और मैच बाकी हैं. हमें संजू के टैलेंट के बारे में हमेशा से पता था.’
संजू सैमसन ने किया गंभीर जैसा काम
संजू सैमसन भले ही शतक से 3 रन दूर रह गए, लेकिन इस पारी को हमेशा याद रखा जाएगा, जैसे गौतम गंभीर की 2011 वर्ल्ड कप फाइनल की पारी को याद रखा जाता है. गंभीर ने भी 2011 वर्ल्ड कप के फाइनल में 97 रनों की यादगार पारी खेली थी. अब उनके शिष्य संजू सैमसन ने ठीक वैसी ही पारी खेलकर कोच गंभीर के दिल को गर्व से भर दिया. दोनों ही बड़े मौके पर चेज करते हुए 97 रन बनाकर टीम को जीत की राह पर ले गए.





