खन्ना : खन्ना की सब्जी मंडी के पीछे कूड़े के ढेर में देर रात भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। आग तेजी से फैली और पास में रखे वेंडरों के क्रेट भी इसकी चपेट में आ गए। जानकारी के मुताबिक, आग में 300 से ज्यादा क्रेट जलकर राख हो गए। इलाका रिहायशी होने की वजह से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। आग की लपटों और धुएं ने आसपास के इलाके को भी प्रभावित किया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल किसी के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन आर्थिक नुकसान बहुत बड़ा बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नाराजगी जताते हुए कहा कि यह कूड़े का ढेर गलत तरीके से बनाया गया है, जिसकी वजह से अक्सर दिक्कतें आती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई और बड़ा हादसा हो सकता है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.