NEET-UG 2026 Giridih: नीट परीक्षा को लेकर गिरिडीह प्रशासन सख्त; होटलों और लॉज की तलाशी, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
गिरिडीह: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए गिरिडीह जिला प्रशासन ने सुरक्षा का अभेद्य चक्रव्यूह तैयार किया है। डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर शहर के तमाम होटलों, लॉज, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
🔍 होटलों और संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस की नजर
परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के उद्देश्य से नगर, मुफ्फसिल और पचम्बा थाना क्षेत्रों के होटलों में पुलिस टीमों ने छापेमारी की। एसडीपीओ जीतबाहन उरांव और डीएसपी नीरज कुमार सिंह की देखरेख में संदिग्धों की धरपकड़ और गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए, इसके लिए जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में रहने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
🏫 तीन केंद्रों पर होगी परीक्षा
गिरिडीह में नीट परीक्षा के लिए तीन प्रमुख केंद्र बनाए गए हैं:
-
डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पचंबा
-
गिरिडीह प्लस 2 उच्च विद्यालय
-
सर जेसी बोस स्कूल ऑफ एक्सीलेंस सभी केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षा दोपहर 02:00 बजे से शाम 05:15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए समय सीमा शाम 06:15 बजे तक रखी गई है।
📞 नियंत्रण कक्ष और सुरक्षा दिशा-निर्देश
डीसी रामनिवास यादव ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे केवल NTA द्वारा जारी वैध एडमिट कार्ड लेकर ही केंद्र पहुँचें और समय का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की सूचना या सहायता के लिए जिला प्रशासन द्वारा नियंत्रण कक्ष (06532 – 228829) स्थापित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अफवाह फैलाने वाले तत्वों और असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.