रायपुर: कुछ ही दिनों में गणेशोत्सव का इंतजार खत्म होने वाला है. देशभर में बप्पा के स्वागत के लिए तैयारियां जोरों पर हैं. रायपुर में भी विघ्नहर्ता का वेलकम करने के लिए बाजार सज गए हैं. प्यारी-प्यारी प्रतिमाओं और डेकोरेशन के सामानों से मार्केट गुलजार है. इस रिपोर्ट में आपको बताते हैं इस बार मार्केट में क्या है खास?
प्रतिमाओं में क्या है डिमांड?: जमाना AI का हो गया है, ऐसे में गणेशोत्सव में भी AI की एंट्री होना लाजमी है. AI वाली आकर्षक प्रतिमाओं की डिमांड ज्यादा है. इसमें भी बाल गणेश, राधा कृष्णा और खासकर पगड़ी वाली प्रतिमाएं ट्रेंड कर रही हैं.
अब बात डेकोरेशन की: इस बार बाजार में रेडिमेड डेकोरेटेड पंडाल भी बिक रहे हैं. प्रतिमाओं के साथ पंडाल के कलर का कॉम्बिनेशन देखने मिल रहा है. छोटे-छोटे फैंसी पंडाल बाजार में उपलब्ध हैं. इसमें भी लाइट कलर की डिमांड ज्यादा है.
इस बार लोग हल्के रंग के ट्रायंगल, सर्कल और स्क्वायर शेप वाले पंडाल ज्यादा पसंद कर रहे हैं. पगड़ी वाले गणपति की डिमांड सबसे ज्यादा है.– हरीश चंदवानी, दुकानदार
अप्रैल से ही शुरू हुई मूर्तियों की मेहनत: गणेश मूर्तियां बनाने का काम कलाकार अप्रैल से ही शुरू कर देते हैं, क्योंकि हर मूर्ति को आकार देने में महीनों की मेहनत लगती है. इस बार कपड़े, स्टोन और सजावटी सामानों के दाम बढ़ने से मूर्तियों की कीमत में भी इजाफा हुआ है.
गणपति की मूर्ति बनाने में 4-5 महीने लगते हैं. इस बार रॉ मटेरियल महंगे हो गए हैं, इसलिए मूर्तियों के दाम 15-20% बढ़ गए हैं.– राजेंद्र शर्मा, मूर्तिकार
मेरे पास 500 से 21 हजार रुपए तक की प्रतिमाएं हैं. इस बार बाल गणेश सबसे ज्यादा बिक रहे हैं, लेकिन क्यूट और ट्रेडिशनल लुक वाले बप्पा भी लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं.– भूषण साहू, दुकानदार