छत्तीसगढ़
दिव्यांग बेटे को न्याय दिलाने के लिए 5 साल तक कर्ज लेकर लड़ती रही बूढी मां, अब जाकर मिला इंसाफ

जशपुर नगरः घर निर्माण के दौरान 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आ कर 75 प्रतिशत दिव्यांग हुए बेटे को न्याय दिलाने के लिए एक मां लगातार पांच साल तक कानूनी लड़ाई लड़ती रही। आखिर में जिला न्यायालय ने इस गरीब परिवार को न्याय देते हुए 13 लाख 50 हजार रूपये क्षतिपूर्ति देने का आदेश दे कर गरीब परिवार को बड़ी राहत दी है।
शहर के नजदीकी ग्राम कोमड़ो की निवासी वादी जसंती बाई के अधिवक्ता सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि जसवंती का बेटा अनूप भगत राज मिस्त्री का काम कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। घटना दिनांक 23 जून 2020 को चिरोडिपा में सावित्री बाई के घर के निर्माण कार्य में राज मिस्त्री का काम कर रहा था। इसी दौरान निर्माण स्थल के बगल में स्थित बिजली के खम्बे के बारिश के पानी से जमीन में फैले करंट की चपेट में आने से अनूप गंभीर रूप से घायल हो गया।





