शहर का डेंजर जोन बनेगा सुरक्षित, राजनांदगांव में रामकृष्ण नगर से रेवाड़ीह चौक के दोनों ओर बनेगा सर्विस लेन

राजनांदगांव: लगातार बढ़ते ट्रैफिक फ्लो और भीड़ भाड़ के चलते शहर में तेजी से सड़क हादसे बढ़े हैं. ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने और हेलमेट नहीं लगाने के चलते भी हादसों में तेजी आई है. ट्रैफिक पुलिस समय समय पर यातायात जागरुकता सप्ताह चलाकर लोगों को सावधान करती रहती है. बावजूद इसके सड़क हादसों में कोई कमी नहीं आ रही.
शहर के डेंजर जोन: शहर में लगातार हो रही दुर्घटनाओं के चलते अब बड़ा फैसला लिया गया है. डेंजर जोन बन चुके रामकृष्ण नगर से रेवाड़ीह चौक वाले क्षेत्र में दोनों तरफ सर्विस लेन बनाई जाएगी. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से इसकी स्वीकृति दे दी गई है. सर्विस लेन का निर्माण 25.8 करोड़ से होगा.
सड़क हादसों में आएगी कमी: सर्विस लेन के निर्माण से मेडिकल कॉलेज अस्पताल आने जाने वालों को बड़ी सुविधा मिलेगी. इसके साथ ही दुर्घटनाओं पर भी लगाम लगेगी. दरअसल जून के पहले सप्ताह में मेडिकल कॉलेज की एक महिला डॉक्टर की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई. डेंजर जोन कहे जाने वाले इस सड़क पर पूर्व में भी कई लोगों की जानें जा चुकी हैं.
गडकरी को सांसद, विधायक ने लिखा था पत्र: लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए अब सर्विस लेन बनाने की तैयारी है. इस संबंध में केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को जिले के विधायक और सांसद ने पत्र लिखा था. पत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग में मेडिकल कॉलेज, स्कूल, बड़े व्यावसायिक स्थल, होटल, आरटीओ कार्यालय आदि होने के कारण यातायात का दबाव बढ़ने से लगातार दुर्घटनाएं हो रही थी. इसे ध्यान में रखते हुए सांसद संतोष पाण्डेय और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिह ने केंद्रीय मंत्री गडकरी से चर्चा की थी. चर्चा के बाद ये तय हुआ है कि अब नेशनल हाइवे 53 के दोनों तरफ 3:50 किलोमीटर लंबा सर्विस लेन बनेगा।





