छत्तीसगढ़ में शिवसेना का बड़ा ऐलान: 2028 में एनडीए के साथ चुनाव, कहा- बीजेपी हमारा बड़ा भाई

रायपुर: शिवसेना के राष्ट्रीय समन्वयक अभिषेक वर्मा छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रहे और उन्होंने पार्टी के आगामी चुनाव रणनीति और राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि शिवसेना तीन साल में राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा पाने के लिए काम करेगी और आगामी विधानसभा चुनाव एनडीए के साथ ही लड़ेगी.
चुनाव रणनीति और सीट शेयरिंग: अभिषेक वर्मा ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ में 2028 के चुनाव में शिवसेना बीजेपी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी और पार्टी 20 प्रतिशत सीटों की मांग करेगी. उन्होंने कहा कि बीजेपी और शिवसेना बड़े भाई और छोटे भाई की तरह काम करते हैं. दोनों हिंदू पार्टी हैं और सनातन धर्म की रक्षा करती हैं. वर्मा ने गर्व से कहा, “हम हिंदू हैं.”
महाराष्ट्र के भाषा विवाद पर अभिषेक वर्मा का बयान: अभिषेक वर्मा ने महाराष्ट्र में चल रहे भाषा विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि शिव सेना का इससे कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विवाद एमएनएस के राज ठाकरे ने शुरू किया था. वर्मा ने आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने गुंडागर्दी करते हुए इस विवाद को बढ़ाया.
उन्होंने आगे कहा, “गरीबों को थप्पड़ मारना, पान खिला देने वाले पांडे की शर्ट फाड़ना – ये सब गुंडागर्दी है. जिनको हिंदी से इतनी दिक्कत है, उन्हें बॉलीवुड बंद कर देना चाहिए. अमिताभ बच्चन और सलमान खान के घर जाकर कपड़े फाड़े जाएं, तब पता चलेगा कि ये लोग गरीब को टारगेट कर रहे हैं.”
बीएमसी चुनावों पर प्रतिक्रिया: अभिषेक वर्मा ने बीएमसी चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि वोट को प्रभावित करने के लिए भाषा विवाद का इस्तेमाल करना घटिया और शर्मनाक तरीका है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी इस तरह की राजनीति के खिलाफ है.





