जशपुर में गरबा महोत्सव की धूम 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक, हास्य कवि सम्मेलन 3 अक्टूबर को

जशपुरनगर। नवरात्र पर्व के पावन अवसर पर श्री बालाजी जनकल्याण समिति द्वारा गरबा महोत्सव 2025 का आयोजन भव्य रूप से किया जा रहा है। यह महोत्सव 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक प्रतिदिन सायं 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक टेलीफोन एक्सचेंज ऑफिस के सामने स्थित मैदान में आयोजित होगा।इस चार दिवसीय उत्सव में जशपुर गरबा, डांडिया नृत्य, धूवन नृत्य, आकर्षक झांकी और भक्तिमय कार्यक्रमों की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही KHAGESHA COLLECTIVE LIVE द्वारा संगीतमय प्रस्तुति से वातावरण भक्तिरस और उल्लास से सराबोर होगा।
महोत्सव का विशेष आकर्षण 3 अक्टूबर को होगा, जब सायं 6 बजे से हास्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुंबई से दिनेश बावरा और ऐहसान कुरैशी, दिल्ली से पद्मिनी शर्मा तथा मुंबई से रोहित शर्मा अपनी चुटीली कविताओं और व्यंग्य से श्रोताओं को ठहाकों से लोटपोट करेंगे।
आयोजक समिति ने नगरवासियों सहित क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गरबा महोत्सव की गरिमा बढ़ाएं। यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आनंद का अद्वितीय संगम होगा, जहाँ माता रानी का आशीर्वाद और सांस्कृतिक उत्सव का उल्लास एक साथ अनुभव किया जा सकेगा।





