लव मैरिज की खौफनाक सजा! साले और भाभी ने मिलकर जीजा को पीट-पीटकर मार डाला, प्रेम विवाह की रंजिश बनी वजह
जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पारिवारिक विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली. छोटे साले और उसकी भाभी ने मिलकर अपने ही जीजा की लात-घूंसों और डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. घटना जिले के चौकी कोतबा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फरसाटोली की हैं
पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप
मृतक की पहचान मुरली राम यादव (40 वर्ष) निवासी ग्राम फरसाटोली के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मुरली राम ने गांव की ही सोनिया यादव से प्रेम विवाह किया था, जिसके चलते उसका अपने ससुराल पक्ष से अक्सर विवाद होता रहता था. यही पुरानी रंजिश इस घटना की बड़ी वजह बनी.
जन्मदिन की खुशियां बदली मातम में
घटना 30 मार्च 2026 की रात की है. मृतक के घर में बेटे का जन्मदिन मनाया गया था. केक काटने के बाद उसकी पत्नी अपने बेटे के साथ मिठाई देने मायके चली गई. देर रात करीब 11 बजे मुरली राम शराब के नशे में पत्नी के मायके पहुंचा, जहां उसका अपने छोटे साले शिवकुमार यादव (35 वर्ष) और बड़े साले की पत्नी मिथिला यादव (37 वर्ष) से विवाद हो गया.
जमीन पर पटककर बेरहमी से की पिटाई
विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मुरली राम को जमीन पर पटक दिया और उसके सीने व पेट पर चढ़कर लात-घूंसों से हमला किया. इसी दौरान मिथिला यादव ने डंडे से भी उसकी पिटाई की. मृतक की पत्नी द्वारा बीच-बचाव करने के बाद किसी तरह उसे छोड़ा गया.
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद मुरली राम किसी तरह अपने घर लौटा, लेकिन अगले दिन उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. उसे पहले सीएचसी कोतबा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे ओडिशा के सुंदरगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. वहां इलाज के दौरान 4 अप्रैल 2026 को उसकी मौत हो गई.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने खोला राज
सुंदरगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस ने पंचनामा के बाद मामला चौकी कोतबा भेजा. जांच के दौरान पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि मृतक की मौत सीने में गंभीर चोट के कारण हुई, जो हत्या की प्रकृति की थी. इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी.
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
चौकी कोतबा थाना बागबहार में अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों शिवकुमार यादव और मिथिला यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया. पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा भी जब्त कर लिया है.
जिले के एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि यह मामला पारिवारिक विवाद और पुरानी रंजिश का परिणाम है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सजग है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.