Ludhiana Auto Protest: लुधियाना में ऑटो चालकों का जबरदस्त प्रदर्शन, मांगों को लेकर घेरा DC ऑफिस; शहर में लगा भारी ट्रैफिक जाम
लुधियाना : लुधियाना में आज ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जुड़ा एक बड़ा विवाद सामने आया, जहां शहीद भगत सिंह मिनी ट्रांसपोर्ट यूनियन के नेतृत्व में सैकड़ों ऑटो चालकों और जुगाड़ू वाहन चालकों ने डिप्टी कमिश्नर (DC) कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन करते हुए घेराव कर दिया। प्रदर्शन के चलते इलाके में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार करीब 8–10 दिन पहले यूनियन द्वारा प्रशासन को एक मांग पत्र सौंपा गया था, जिसमें जुगाड़ू (अवैध) वाहनों पर कार्रवाई और ऑटो चालकों को राहत देने की मांग उठाई गई थी। लेकिन जब इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो यूनियन के सदस्य सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शहर में बड़ी संख्या में जुगाड़ू वाहन बिना किसी रजिस्ट्रेशन और नियमों के सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे ऑटो चालकों का रोजगार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वहीं दूसरी तरफ, वैध दस्तावेजों के बावजूद ऑटो चालकों के चालान काटे जा रहे हैं, जिससे उनमें भारी रोष है।
यूनियन ने प्रशासन के सामने साफ मांग रखी है कि या तो जुगाड़ू वाहनों पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए, या फिर ऑटो चालकों को भी सफेद नंबर प्लेट के साथ बिना चालान चलने की अनुमति दी जाए, ताकि सभी के लिए समान नियम लागू हो सकें। आज सुबह से ही बड़ी संख्या में चालक अपने वाहनों के साथ DC ऑफिस के बाहर जमा होने लगे। देखते ही देखते यह संख्या सैकड़ों में पहुंच गई और पूरे इलाके में जाम जैसी स्थिति बन गई। नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.