Local & National News in Hindi
ब्रेकिंग
MP Weather Alert: मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटे भारी! इन जिलों में ओले, आंधी और बारिश की चेतावनी; IMD... मध्य प्रदेश में नामी कारोबारी ने खुद को मारी गोली, सुसाइड से इलाके में फैली सनसनी; जांच में जुटी पुल... Jail Suicide : जेल में महिला कैदी ने की आत्महत्या; दहेज प्रताड़ना के आरोप में थी बंद, न्यायिक जांच क... Namo Yamuna Cruise: दिल्ली में 'नमो यमुना' क्रूज का टिकट काउंटर तैयार; 5KM का सफर और 1 घंटे की सैर, ... Cricket Scandal: महिलाओं के बाथरूम में छिपकर बनाया वीडियो; 2 क्रिकेटर गिरफ्तार, खेल जगत में मचा हड़क... Deepika Padukone Pregnancy: फिल्म 'किंग' की शूटिंग शुरू! सेट से लीक हुई फोटो में दीपिका का हाथ पकड़े... Donald Trump Attack: सिर्फ 4 सेकंड में सुरक्षा घेरा पार! ट्रंप की डिनर पार्टी में फायरिंग का खौफनाक ... Economy News: डीजल-ATF पर विंडफॉल टैक्स में बड़ी कटौती; पेट्रोल निर्यात पर नहीं लगेगी ड्यूटी, आम जनत... Buddha Purnima 2026: बुद्ध पूर्णिमा पर पढ़ें भगवान बुद्ध के जन्म, ज्ञान और मोक्ष की कथा; घर में आएगी ... FSSAI Weight Loss Tips: मोटापा दूर करने के लिए अपनाएं FSSAI की ये 7 अच्छी आदतें; हमेशा रहेंगे फिट और...

Ranchi News: रांची के DSPMU में फीस बढ़ोतरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, छात्रों ने दी क्लास बहिष्कार की धमकी

रांची: राजधानी रांची स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में इन दिनों फीस वृद्धि को लेकर छात्रों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. विश्वविद्यालय के कॉमर्स विभाग के साथ कई विभागों में सालाना फीस को लगभग दोगुना कर दिया गया है, जिससे खासकर आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है.

छात्र नेताओं ने की फीस वृद्धि को वापस लेने की मांग

छात्रों का कहना है कि एक ओर विश्वविद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की कमी है, वहीं दूसरी ओर फीस में इतनी बड़ी बढ़ोतरी पूरी तरह से अनुचित है. छात्रों और छात्र संगठनों ने इस मुद्दे को लेकर खुलकर विरोध जताना शुरू कर दिया है. हाल ही में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में छात्र नेताओं ने फीस वृद्धि को वापस लेने की मांग की और बताया कि इससे पहले भी इस मुद्दे पर आंदोलन शुरू किया गया था. हालांकि उस समय विश्वविद्यालय में नियमित कुलपति की नियुक्ति नहीं होने के कारण आंदोलन को स्थगित कर दिया गया था.

छात्र नेताओं के अनुसार, जब हाल ही में नियमित कुलपति की नियुक्ति हुई तो एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलने पहुंचा और फीस वृद्धि पर पुनर्विचार करने की अपील की. लेकिन कुलपति ने साफ तौर पर कहा कि फीस में जो बढ़ोतरी की गई है, उसमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं होगा. इस बयान के बाद छात्रों में नाराजगी और बढ़ गई है.

छात्रों का आरोप- विश्वविद्यालय में सुविधा का अभाव

छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय में सुविधाओं के नाम पर बहुत कम व्यवस्था है. कई विभागों में पर्याप्त क्लासरूम, लैब और अन्य शैक्षणिक संसाधनों की कमी है, पीने का पानी तक नहीं है. इसके बावजूद फीस को दोगुना करना छात्रों के साथ अन्याय है. उनका कहना है कि यदि सुविधाएं बेहतर होती तो फीस वृद्धि को किसी हद तक समझा जा सकता था, लेकिन वर्तमान स्थिति में यह निर्णय पूरी तरह से अव्यावहारिक है.

डीएसपीएमयू में पढ़ने वाले अधिकांश छात्र झारखंड के सुदूर ग्रामीण इलाकों से आते हैं, जिनमें बड़ी संख्या आदिवासी और मूलवासी समुदाय के विद्यार्थियों की है. इनमें से कई छात्र आर्थिक रूप से कमजोर हैं और अपनी पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति पर निर्भर रहते हैं. लेकिन लंबे समय से छात्रवृत्ति की सुविधा भी बाधित है, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं.

छात्रों ने दी आंदोलन की चेतावनी

छात्रों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि फीस वृद्धि वापस नहीं ली गई तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ विश्वविद्यालय परिसर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जरूरत पड़ने पर सड़कों पर उतरकर भी विरोध किया जाएगा. क्लासरूम से लेकर सड़क तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी. फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई नरमी के संकेत नहीं मिले हैं, जिससे आने वाले दिनों में डीएसपीएमयू में छात्रों का आंदोलन तेज होने की संभावना है. यह मुद्दा अब न केवल शैक्षणिक बल्कि सामाजिक और राजनीतिक चर्चा का भी विषय बनता जा रहा है.

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.