Gangster Prince Khan: भगोड़ा अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई; धनबाद पुलिस ने आवास पर की कुर्की-जब्ती
धनबाद: जिले के वासेपुर इलाके में शुक्रवार को फरार अपराधी प्रिंस खान के घर पुलिस ने कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की. बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और न्यायालय के आदेश के तहत पूरी प्रक्रिया पूरी की गई. कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रिंस खान लंबे समय से फरार है और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग, धमकी समेत कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं. अदालत में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण धनबाद कोर्ट ने उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया था. इसी आदेश के अनुपालन में पुलिस टीम ने उसके वासेपुर स्थित आवास पर कार्रवाई की.
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी पुलिस उसके कई ठिकानों पर दबिश दे चुकी है, लेकिन अब तक वह गिरफ्तारी से बचता रहा है. पुलिस का कहना है कि प्रिंस खान पाकिस्तान में छिपकर अपने गिरोह का संचालन कर रहा है और लगातार आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिलाने की कोशिश कर रहा है.
धनबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रिंस खान गैंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. उसके करीबी सहयोगियों, शूटरों और नेटवर्क से जुड़े लोगों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है. हाल के दिनों में गैंग से जुड़े कई लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है और कई अहम जानकारियां भी हाथ लगी हैं. हाल ही में प्रिंस खान के करीबी सैफी उर्फ मेजर को पुलिस ने रिमांड पर लिया था. जिसमें सैफी ने पुलिस के सामने कई राज खोलें है. पुलिस कई सफेदपोश की कुंडली खंगाल रही है.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.