Bhiwani Yoga Day: कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा का बड़ा बयान; कहा- ‘युवाओं को नशे से बचाने के लिए योग जरूरी’
भिवानी: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भिवानी के भीम स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने योग करते हुए युवा पीढ़ी को नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। मंत्री ने जोर देकर कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती का आधार है।
🚜 खाद वितरण में अब नहीं लगेंगी लाइनें
डी.ए.पी. और यूरिया की किल्लत की आशंकाओं पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि खाद वितरण प्रणाली को अब पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पहले खाद आधार कार्ड पर मिलता था, जिससे अव्यवस्था होती थी, लेकिन अब ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकृत किसानों को ही खाद उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि खाद वितरण में लाइनें नहीं लगेंगी, और यदि कहीं ऐसी समस्या आती है तो वे सीधे उन्हें सूचित करें।
🌾 ‘बारिश से फसल को नुकसान नहीं, फायदा होता है’
अपनी खेती के अनुभवों को साझा करते हुए कृषि मंत्री ने दावा किया कि बारिश से किसानों को नुकसान नहीं बल्कि लाभ होता है। उन्होंने कहा, “मैं खुद खेती करता हूं और पिछली बार मैंने भविष्यवाणी की थी कि गेहूं की पैदावार प्रति एकड़ 2 क्विंटल ज्यादा होगी, जो सच साबित हुई और पूरे प्रदेश में फसल 10 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा हुई थी।”
⚖️ फसल बीमा और मुआवजा मामलों पर स्पष्टीकरण
बाढ़ के बाद मुआवजे के लिए कोर्ट जाने वाले किसानों के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि कई बार किसान या बीमा कंपनियां नियमों का सही पालन नहीं करतीं, जिसके कारण विवाद होता है और मामला कोर्ट तक पहुंच जाता है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर से लेकर बड़े स्तर तक कमेटियां गठित हैं, जो नियमों का पालन सुनिश्चित करती हैं और किसानों को पीएम फसल बीमा योजना के तहत हर संभव कवर प्रदान किया जाता है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.