Katni News Update: उज्जैन सिंहस्थ से मुरादाबाद तक कटनी स्टोन का डंका! लमतरा व निमास मार्बल खदानों का कलेक्टर ने लिया जायजा
कटनी: खनिज आधारित उद्योगों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। शुक्रवार को कलेक्टर आशीष तिवारी ने लमतरा औद्योगिक क्षेत्र और स्लीमनाबाद के निमास स्थित मार्बल खदान का निरीक्षण कर उद्योगों की उत्पादन क्षमता, आधुनिक तकनीक और बाजार की संभावनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उद्यमियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और स्थानीय खनिजों के मूल्य संवर्धन के साथ रोजगार के नए अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।
🗿 ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना के तहत कलात्मक मूर्तियों और नक्काशी का किया अवलोकन
कलेक्टर आशीष तिवारी ने ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के तहत कटनी सैंड स्टोन से तैयार की जा रही कलात्मक मूर्तियां, नक्काशी और शिल्पकृतियों का अवलोकन किया। उन्होंने आधुनिक गैंग सॉ, सीएनसी ऑटोमैटिक कार्विंग और स्टैच्यू कार्विंग मशीनों की कार्यप्रणाली देखी तथा युवा उद्योगपति अमन खरे से उत्पादन और राष्ट्रीय बाजार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
🛕 उज्जैन सिंहस्थ महापर्व में दिखेंगी कटनी स्टोन की कलाकृतियां, कलेक्ट्रेट परिसर में भी होगा उपयोग
कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा, “कटनी स्टोन केवल एक खनिज नहीं, बल्कि जिले की पहचान और विरासत है, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। आगामी सिंहस्थ महापर्व में कटनी स्टोन से बनी कलाकृतियों के उपयोग के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार पर कटनी स्टोन से वॉल क्लैडिंग कराने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि स्थानीय उत्पादों को सरकारी भवनों में भी बढ़ावा मिल सके।”
🔱 मुरादाबाद में लगेगी 20 फीट ऊंची आदियोगी शिव प्रतिमा, देश भर में बढ़ रही कटनी स्टोन की मांग
कलेक्टर ने बताया कि वर्तमान में स्टोन की चार सक्रिय खदानें संचालित हैं। वहीं, उद्योगपति अमन खरे ने जानकारी दी कि उनकी इकाई को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में 20 फीट ऊंची आदियोगी भगवान शिव की प्रतिमा, राजस्थान के उदयपुर में स्लैब व टाइल्स निर्माण और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स भी मिले हैं, जो कटनी स्टोन की बढ़ती राष्ट्रीय मांग का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं।
☀️ निमास मार्बल खदान व सोलर प्लांट का जायजा, उदयपुर और चित्तौड़गढ़ तक है भारी मांग
इसके बाद कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्लीमनाबाद के ग्राम निमास स्थित मेसर्स बीडीएच इको एनर्जी इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित मार्बल खदान और सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने खदान संचालकों से उत्पादन लागत, गुणवत्ता, विपणन और खनन से जुड़े व्यावसायिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बताया कि निमास का मार्बल अपनी मजबूती, टिकाऊपन और बेहतरीन गुणवत्ता के कारण उदयपुर, चित्तौड़गढ़ सहित देश के कई बड़े बाजारों में विशेष मांग रखता है। जिला प्रशासन उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने, स्थानीय खनिजों का मूल्य संवर्धन बढ़ाने और निवेशकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.