PMFME योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला नोडल अधिकारी रायपुर श्री पैंकरा हुए सम्मानित
# श्री पैंकरा वर्षों तक मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर में भी दे चुके हैं अपनी सेवा
नई दिल्ली/ रायपुर, 25 अगस्त 2026। दिनांक 24 एवं 25 अगस्त 2026 को India Habitat Centre, नई दिल्ली में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन (PMFME) योजना के अंतर्गत PMFME Conclave 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान द्वारा PMFME योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिला नोडल अधिकारी (DNO) एवं District Resource Person (DRP) को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य में PMFME योजना के अंतर्गत सर्वाधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने एवं योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए रायपुर जिले के जिला नोडल अधिकारी (DNO) मुरारी साय पैंकरा को केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान के कर-कमलों से प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।

रायपुर जिले की इस उपलब्धि में कलेक्टर गौरव कुमार सिंह एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार विश्वरंजन के मार्गदर्शन एवं सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके निर्देशन में PMFME योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिकाधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्रदान किया गया।
इसी क्रम में छत्तीसगढ़ राज्य में सर्वाधिक हितग्राहियों को हैंड होल्डिंग सपोर्ट प्रदान करने के उत्कृष्ट योगदान के लिए जांजगीर-चांपा जिले के District Resource Person (DRP) संतोष कुमार शुक्ला को भी केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान के हाथों प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संतोष कुमार शुक्ला द्वारा हितग्राहियों को आवेदन प्रक्रिया, बैंकिंग प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, परियोजना स्थापना एवं योजना के विभिन्न प्रावधानों के संबंध में निरंतर मार्गदर्शन एवं हैंड होल्डिंग सपोर्ट प्रदान किया गया, जिसके परिणामस्वरूप जिले एवं राज्य में PMFME योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को गति मिली।
इसी अवसर पर आयोजित PMFME बाजार में छत्तीसगढ़ की ओर से बस्तर फूड फार्म द्वारा स्टॉल लगाकर राज्य के विशिष्ट खाद्य उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। स्टॉल में मिलेट आधारित एवं स्थानीय खाद्य उत्पादों को प्रदर्शित किया गया, जिन्हें विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आगंतुकों द्वारा सराहा गया। इस सहभागिता ने छत्तीसगढ़ के स्थानीय खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों, पारंपरिक उत्पादों एवं ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। स्टॉल में महुआ brea टी, महुआ लड्डू, महुआ लस्सी, स्पाइसड जेग्गरी पाउडर, महुआ कूकीज , महुआ निब्स, ईमली सॉस एवं महुआ ड्राई फ्लॉवर सहित विभिन्न मूल्यवर्धित उत्पाद प्रदर्शित किए गए।
PMFME Conclave 2026 में प्राप्त ये सम्मान छत्तीसगढ़ राज्य द्वारा PMFME योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, अधिकाधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा जिला स्तर पर अधिकारियों एवं DRPs द्वारा किए जा रहे समन्वित एवं उत्कृष्ट प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान है। यह उपलब्धि राज्य में सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को बढ़ावा देने एवं स्थानीय उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित करती है।
विदित हो कि श्री पैंकरा वर्षों तक मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर में भी जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र में महाप्रबंधक के पद पर अपनी सेवा दे चुके हैं। उनको मिली उपलब्धि के लिए रायपुर सहित जशपुर जिले के उद्यमियों, व्यापारियों व अधिकारी कर्मचारी वर्ग ने हर्ष जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की है।