Durg Cylinder Theft Case: 36 भरे एलपीजी सिलेंडर चोरी करने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे; खरीदने वाले भी गिरफ्तार
दुर्ग। जिले के छावनी थाना क्षेत्र में एलपीजी गैस सिलेंडर और पिकअप वाहन चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया पिकअप वाहन और 36 भरे हुए एलपीजी सिलेंडर बरामद किए हैं। पुलिस टीम ने सभी आरोपियों को जामुल थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
📅 18 सितंबर को साक्षरता चौक से चोरी हुआ था भरा वाहन: झाड़ियों में लावारिस मिला पिकअप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 18 सितंबर को छावनी थाना अंतर्गत साक्षरता चौक के पास स्थित ‘ऋतुराज एजेंसी’ का सिलेंडरों से भरा पिकअप वाहन अज्ञात चोर लेकर फरार हो गया था।
एजेंसी संचालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जब पुलिस ने पतासाजी शुरू की, तो सूचना मिली कि जामुल थाना क्षेत्र में झाड़ियों के बीच एलपीजी सिलेंडरों से लदा वाहन लावारिस हालत में खड़ा है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित मौके पर पहुंचकर वाहन और सिलेंडरों को जब्त किया। पुलिस ने सघन तलाशी के बाद मुख्य आरोपी को भी दबोच लिया।
🕵️ मुख्य आरोपी प्रमोद देवांगन ने चोरी किए थे 36 सिलेंडर: 20 लोगों को 2-2 हजार रुपये में बेचे
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए मुख्य आरोपी का नाम प्रमोद देवांगन सामने आया है।
आरोपी ने ही ऋतुराज एजेंसी के सिलेंडर से भरे पिकअप वाहन को पार किया था। चोरी के बाद उसने जामुल क्षेत्र स्थित जय अम्बे शोरूम के पीछे 16 भरे सिलेंडर झाड़ियों में छिपा दिए थे। वहीं, बाकी के 20 भरे सिलेंडरों को उसने अलग-अलग 20 लोगों को 2-2 हजार रुपये में बेच दिया था। छावनी पुलिस ने सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर आरोपी प्रमोद देवांगन को चोरी के वाहन के साथ गिरफ्तार किया।
⚖️ चोरी का माल खरीदने वालों पर भी गिरी गाज: 3 महिलाओं समेत 8 आरोपी भेजे गए जेल
छावनी पुलिस ने लावारिस हालत से 16 भरे सिलेंडर जब्त किए थे, जिसके बाद मुख्य आरोपी की निशानदेही पर जामुल क्षेत्र से 5 अन्य सिलेंडर बरामद करते हुए कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
चोरी का एलपीजी सिलेंडर खरीदने के जुर्म में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद वाहन और सिलेंडरों की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.