Cyclone Arnab Alert in Jharkhand: चक्रवाती तूफान को लेकर JBVNL पूरी तरह मुस्तैद, सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द और 24 घंटे ड्यूटी के आदेश
रांची: झारखंड राज्य में चक्रवाती तूफान अर्नब के संभावित खतरे और विकराल रूप को मध्यनजर रखते हुए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) पूरी तरह से हाई अलर्ट मोड पर आ गया है। इस आपात स्थिति से निपटने के लिए निगम प्रबंधन द्वारा बड़ा कदम उठाते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश (छुट्टियां) तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए गए हैं। साथ ही, सभी संविदा और नियमित कर्मियों को चौबीसों घंटे (24 घंटे) अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहने का सख्त निर्देश जारी किया गया है। आंधी और तूफान के इस संभावित खतरे के दौरान पल-पल की स्थिति पर पैनी नजर रखने के लिए विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिए गए हैं।
के. श्रीनिवासन के निर्देश पर सभी जिलों में फीडर और ट्रांसफार्मर की नियमित निगरानी के आदेश
ऊर्जा विकास निगम के सीएमडी सह जेबीवीएनएल के प्रबंध निदेशक (MD) के. श्रीनिवासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के तहत राज्य के सभी जिलों के प्रमुख पदाधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है। इसके साथ ही, 33 केवी और 11 केवी के महत्वपूर्ण फीडरों तथा बिजली ट्रांसफार्मर की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यदि आंधी-तूफान के कारण कहीं कोई तकनीकी खराबी आती है, तो उसकी तुरंत मरम्मत करके बिजली आपूर्ति को सुचारू रखा जा सके।
इमरजेंसी विंग पूरी तरह तैयार, मैनपावर और वाहनों के साथ किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हम तत्पर: मनमोहन कुमार
झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक मनमोहन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यालय स्तर से लेकर जिला डिवीजन स्तर तक विशेष कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए गए हैं। तूफान के दौरान यदि आम जनता को बिजली संबंधी कोई भी समस्या आती है, तो वे इन कंट्रोल रूम्स के जरिए तुरंत सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि हमारी आपातकालीन (इमरजेंसी) विंग किसी भी विपरीत परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम है। हमारे पास पर्याप्त मैनपावर, गाड़ियां और जरूरी मैटेरियल हर वक्त तैयार रहते हैं। हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तूफान के दौरान यदि बिजली के बुनियादी ढांचे को कोई नुकसान पहुंचता है, तो उसे तुरंत दुरुस्त किया जाए और किसी भी सूरत में बिजली की आपूर्ति बाधित न होने पाए।
तेज हवाओं के दौरान बरतें सावधानी, छतों से कपड़े या अन्य सामान अंदर रखने की अपील
जनता से अपील करते हुए महाप्रबंधक ने कहा कि यदि 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज गति से हवाएं चलती हैं, तो लोग विशेष सावधानी बरतें। घरों की छतों पर सूख रहे कपड़े या अन्य हल्की वस्तुएं, जो तेज हवा के साथ उड़कर सीधे बिजली के तारों या ट्रांसफार्मर पर जा सकती हैं और शॉर्ट सर्किट का बड़ा कारण बन सकती हैं, उन्हें बाहर न फैलाएं बल्कि सुरक्षित रूप से घरों के अंदर ही रखें।
सब स्टेशनों में इंजीनियरों की रहेगी तैनाती, ट्रांसफार्मर जलने पर तुरंत बदलने के निर्देश
आंधी-तूफान और खराब मौसम के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति की मॉनिटरिंग करने के वास्ते सभी सहायक विद्युत इंजीनियरों और जूनियर विद्युत इंजीनियरों को अपने-अपने क्षेत्र के सब स्टेशनों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, जैसे ही कहीं से भी बिजली बाधित होने की सूचना मिलेगी, उसे तुरंत ठीक करने को कहा गया है। यदि किसी इलाके से ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत प्राप्त होती है, तो उसे भी अविलंब बदलकर नया लगाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि राज्य के आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार के बिजली संकट का सामना न करना पड़े।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.