Crime News: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक और युवती का शव बरामद; प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
लातेहारः जिला के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत कोपे पंचायत के गेरुआ गांव के निकट स्थित जंगल में शुक्रवार को एक युवक और एक युवती का शव मिला. सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है. पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है परंतु पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है.
दरअसल, शुक्रवार को गांव के कुछ लोग मवेशी चराने के लिए जंगल की ओर गए थे. इसी दौरान युवक और युवती का शव देखकर ग्रामीणों ने हल्ला मचाया. इसके बाद आसपास के ग्रामीण वहां जमा हुए और घटना की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी प्रभात दास के निर्देश पर पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा के बाद शवों को कब्जे में ले लिया.
छानबीन में पता चला कि दोनों मनिका थाना क्षेत्र के ही रहने वाले थे. युवक की पहचान सुनील कुमार सिंह के रूप में हुई. युवक की शादी भी कुछ महीने पूर्व ही हुई थी. हालांकि कुछ ग्रामीणों ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था. संभावना जताई जा रही है कि प्रेम प्रसंग के मामले में ही दोनों ने आत्महत्या कर ली है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
इस संबंध में थाना प्रभारी प्रभात दास ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम तत्काल घटना स्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में ले लिया. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक रूप से तो संभावना है कि यह आत्महत्या का मामला है. परंतु पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद काफी कुछ स्पष्ट हो पाएगा.
एक सप्ताह पहले भी मिला था प्रेमी युगल का शव
बता दें कि गत 1 मई को लातेहार सदर थाना क्षेत्र के रिचुघुटा में रेलवे लाइन के पास प्रेमी युगल का शव बरामद हुआ था. हालांकि उस घटना में युवक के परिजनों का आरोप है कि दोनों की हत्या कर दी गई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले के अनुसंधान भी कर रही है. लेकिन घटना के ठीक 8 दिन बाद जिले में एक बार फिर से प्रेमी युगल का शव बरामद होने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.