Jharkhand Amrapali Mango: झारखंड के आम्रपाली आमों की मिठास अब मॉल्स में; JSLPS और ‘अपना मार्ट’ के बीच बड़ा समझौता
झारखंड के बागों से आने वाले आम्रपाली आमों की मिठास अब शहर के मॉल्स और बड़े बाजारों में ग्राहकों को आकर्षित करेगी. राजधानी रांची सहित राज्य के बड़े शहरों के बाजारों में राज्य का आम्रपाली आम लोग आसानी से खरीद सकें, इसके लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की पहल पर ‘अपना मार्ट’ और गुमला जिले के MVM बाघिमा पालकोट फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (FPO) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ है.
🛒 रांची के सभी अपना मार्ट मॉल में उपलब्ध रहेंगे आम: पहले चरण में 2 टन की खरीद
पहले चरण में अपना मार्ट ने किसान उत्पादक संगठन (FPO) से 02 टन आम्रपाली आम की खरीद की है. समझौते के अनुसार, FPO से आम खरीद का यह सिलसिला आगे भी लगातार जारी रहेगा. राज्य की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में इस पहल की शुरुआत की गई. इस खास मौके पर JSLPS के CEO अनन्य मित्तल और अपना मार्ट के स्टेट CEO मनोज पांडेय मुख्य रूप से मौजूद रहे. राज्य में ‘बिरसा हरित ग्राम योजना’ के तहत की गई बागवानी से तैयार आम, अब रांची के सभी अपना मार्ट मॉल में ग्राहकों के लिए उपलब्ध रहेंगे.
🙏 FPO से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं ने जताया विभागीय मंत्री का आभार
JSLPS का मुख्य उद्देश्य राज्य के सुदूर ग्रामीण इलाकों में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत तैयार आम का सही और लाभकारी मूल्य दिलाना है. गुमला जिले के MVM बाघिमा पालकोट फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (FPO) से जुड़ी भगवती देवी, करुणा देवी एवं कुमवारी बरवा ने इस बेहतरीन पहल को लेकर JSLPS के साथ-साथ विभागीय मंत्री का विशेष आभार प्रकट किया.
💼 दोगुने दाम पर आम बिकने से महिलाओं के चेहरे खिले, बच्चों की शिक्षा में मिलेगी मदद
आम की बागवानी से जुड़ी सखी मंडल की दीदियों ने कहा कि अब तक उन्हें अपने आम केवल स्थानीय गांव के हाट-बाजारों में ही बेहद कम दामों पर बेचने पड़ते थे. लेकिन इस बार अपना मार्ट से सीधे आम खरीद का ऑर्डर मिलने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है. बाजार से लगभग दोगुना दर पर उनके बागान का आम JSLPS के सहयोग से अपना मार्ट ने खरीदा है. महिलाओं ने कहा कि यह राशि उनके परिवार के बेहतर भविष्य और खास कर बच्चों की उच्च शिक्षा में बेहद मददगार साबित होगी. इसके साथ ही भविष्य में आम की पैदावार में कैसे बढ़ोत्तरी हो, इसका वो हर संभव प्रयास करेंगी.
📈 ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती, महिला आजीविका होगी सशक्त: मंत्री दीपिका पांडेय सिंह
ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंयाचती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने इस मौके पर कहा कि यह एक बेहद शानदार शुरुआत है. JSLPS की टीम ने आम बागवानी से जुड़ी दीदियों के चेहरे पर मुस्कान लाने का सराहनीय काम किया है. यह मुस्कान आगे भी इसी तरह बनी रहे और राज्य के ज्यादा से ज्यादा FPO को भी अपने उत्पाद का अधिक से अधिक मुनाफा मिल सके, इसके लिए विभाग की कोशिशें जारी रहेंगी. बाजार में आम की मांग के अनुरूप वाजिब दर पर आम की उपलब्धता सुनिश्चित करना विभाग का मुख्य लक्ष्य है.
उन्होंने आगे कहा कि ऐसा होने से महिला आजीविका सशक्त होने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी भारी मजबूती मिलेगी. इस मौके पर JSLPS के मुख्य परिचालन अधिकारी विष्णु परिदा, विनोद पांडेय, तापस रंजन बेहरा, संजय दास, अपना मार्ट के कैटेगरी हेड सुलभ बंसल, FPO अध्यक्ष भगवती देवी, करुणा देवी, सचिव के. बरवा और राहुल कुमार साहू उपस्थित थे.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.