कांसाबेल। जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत ग्राम खुटेरा में शाला प्रवेश उत्सव उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक गोमती साय ने नवीन विद्यालय भवन का लोकार्पण किया तथा कक्षा 1वीं, 6वीं एवं 9वीं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया। विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण किया गया। वहीं पात्र छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत साइकिलें भी प्रदान की गईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गोमती साय ने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। राज्य सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर अधोसंरचना और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने तथा अभिभावकों से बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया। 
उन्होंने कहा कि नवीन विद्यालय भवन, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश एवं साइकिल जैसी सुविधाएं विद्यार्थियों की शिक्षा को और अधिक सुगम बनाएंगी तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेंगी।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष सरिता भगत, जिला पंचायत सदस्य हीरावती पैंकरा, जनपद उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, सुनील गुप्ता, गणेश जैन, मंडल अध्यक्ष सुदाम पंडा, आलोक सारथी, बीडीसी अमर बेला एक्का, सरपंच तुला पैंकरा, विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं तथा शिक्षा के माध्यम से विकसित और सशक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।