पलामू: जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के बसना गांव की रहने वाली सहिया गीता देवी की हत्या के मामले में आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस को इस मामले में कुछ अहम सुराग मिले हैं। पुलिस का दावा है कि अगले 24 से 48 घंटों के भीतर इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
दरअसल, दुर्गा पूजा के दिन गीता देवी पंडाल से वापस अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में ही उनका अपहरण कर लिया गया था। बुधवार को गांव से कुछ ही दूरी पर धान के खेत में उनका शव मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनके साथ मारपीट की गई थी और फिर गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी गई। जिसके बाद रजहरा गांव के रहने वाले चितरंजन पांडेय और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। गुरुवार को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में पीड़िता के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
इस बीच, पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने पलामू पुलिस से हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। सांसद ने इस मामले को लेकर पलामू के एसपी से भी बात की है और कड़ी कार्रवाई करने को कहा है।
इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए सांसद ने कहा कि यह घटना महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है। वीर बाबा चौहरमल समिति के संदीप पासवान ने भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उनकी जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.