Local & National News in Hindi
ब्रेकिंग
Jaipur Murder Case: जयपुर में पत्नी और 3 बेटियों का हत्यारा राहुल झा गिरफ्तार, खाटूश्यामजी और रींगस ... US-China Tension: चीन ने ईरान को दी थी अमेरिकी एयरबेस की सैटेलाइट तस्वीरें? जॉर्डन हमले में 3 US सैन... Ganga Aarti in London: लंदन में टेम्स नदी के किनारे पहली बार हुई भव्य गंगा आरती, दीपों से जगमगाया कि... BSF Rescue Operation: सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने बचाई 10 बांग्लादेशी नागरिकों की जान, 30 दिन के नव... Belagavi Murder News: कर्नाटक में 2 महीने से लापता महिला का गन्ने के खेत में मिला कंकाल, प्रेमी ने ब... Delhi Metro Arpan Kendra: पुराने कपड़ों से मिलेगा छुटकारा, दिल्ली मेट्रो के 10 स्टेशनों पर खुले अर्प... UCC in India: उत्तराखंड और गुजरात के बाद अब 21 राज्यों की बारी, अमित शाह ने सेवा संकल्प अभियान के दौ... Chhath Puja Special Trains: दुर्गापूजा, दिवाली और छठ पर चलेंगी 18 स्पेशल ट्रेनें; दिल्ली-भागलपुर के ... Raebareli Murder Case: रायबरेली में प्रधान के बेटे की पीट-पीटकर हत्या, प्रेमिका ने फोन कर बुलाया; पत... UP PCS Transfer News: काशी विश्वनाथ मंदिर CEO विश्व भूषण मिश्र का ट्रांसफर, बने UPSSSC के नए उपसचिव;...

: एम सी बी जिले में शान से लहराया तिरंगा, राज्य सभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज

एमसीबी/26 जनवरी 2026/ मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला सोमवार को राष्ट्रभक्ति, गौरव और उल्लास के वातावरण में पूरी तरह सराबोर नजर आया, जब जिले में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत गरिमामय, अनुशासित एवं भव्य रूप में मनाया गया। जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ स्थित आमाखेरवा ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में प्रातःकाल से ही बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। देशभक्ति गीतों की गूंज, तिरंगे की शान, अनुशासित परेड और सुसंगठित प्रशासनिक व्यवस्थाओं ने पूरे परिसर को देशप्रेम और लोकतांत्रिक चेतना से ओत-प्रोत कर दिया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली। ध्वजा फहराने के पश्चात राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से समारोह स्थल देशभक्ति के भाव से गूंज उठा। इस अवसर पर सांसद श्री सिंह ने कलेक्टर डी. राहुल वेंकट एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के साथ परेड का निरीक्षण किया और परेड में सम्मिलित विभिन्न टुकड़ियों के अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
समारोह के दौरान उत्साह और उमंग के प्रतीक रंगीन गुब्बारों को आकाश में छोड़ा गया, जो लोकतंत्र की मजबूती, स्वतंत्रता की उड़ान और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का संदेश देते प्रतीत हुए। परेड में अर्द्धसैनिक बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना, एनसीसी, एनएसएस तथा स्काउट्स एवं गाइड्स की टुकड़ियों ने सीधे कदमों और एकरूप तालमेल के साथ आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। जवानों के अनुशासित कदमताल और जोशपूर्ण प्रदर्शन ने राष्ट्र की सुरक्षा में उनके दायित्वबोध, समर्पण और प्रतिबद्धता को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया। परेड प्रतियोगिता में सीनियर जिला पुलिस बल (महिला) एवं जूनियर एनसीसी को प्रथम स्थान, सीनियर प्लाटून कमांडर 18वीं बटालियन, जूनियर गाइड एवं जूनियर स्काउट्स को द्वितीय स्थान तथा सीनियर सहायक उप निरीक्षक जिला एमसीबी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सभी टुकड़ियों को मुख्य अतिथि द्वारा स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विजेता दलों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश का वाचन किया। संदेश में संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता तथा विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ते छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। उन्होंने नागरिकों से संविधान के आदर्शों का पालन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय, सकारात्मक एवं जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह का एक प्रमुख आकर्षण स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। व्यायाम प्रदर्शन, देशभक्ति गीतों, सामूहिक नृत्य एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता और संविधान के मूल भावों को मंच पर सजीव कर दिया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में एकेडमी हाइट्स पब्लिक स्कूल, तेंदुडांड को प्रथम, सेजस स्कूल, मनेंद्रगढ़ को द्वितीय तथा हाई स्कूल टी संवर्ग एवं सरस्वती विकास विद्यालय, मनेंद्रगढ़ को तृतीय स्थान प्रदान किया गया, जिन्हें स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा जिले के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे प्रशासनिक कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना को और अधिक बल मिला। कार्यक्रम का मंच संचालन संजय श्रीवास्तव एवं श्रीमती वीरांगना श्रीवास्तव द्वारा कुशलता एवं प्रभावी ढंग से किया गया। इस गरिमामय आयोजन में सहायक पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय रायपुर से संजय शर्मा कमांडेंट 18वीं बटालियन जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम, वनमंडल अधिकारी मनीष कश्यप, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, श्रीमती नम्रता डोंगरे, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती इंदिरा मिश्रा, एडीएम लिंगराज सिदार, अर्द्धसैनिक बलों के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे जिले में गणतंत्र दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला तथा शासकीय, अर्धशासकीय कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह ने शाल-श्रीफल भेंट कर दिया सम्मान

77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह के दौरान राष्ट्र की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों के परिजनों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। यह क्षण समारोह का सबसे भावनात्मक, गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक पल बनकर सामने आया। जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ स्थित आमाखेरवा ग्राउंड में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा शहीद जवानों के परिजनों को मंच पर आमंत्रित कर शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर शहीद परिवारों की आंखों में गर्व और भावुकता दोनों के भाव स्पष्ट रूप से झलकते नजर आए। इस अवसर पर शहीद आरक्षक बृजभूषण श्रीवास्तव, शहीद आरक्षक राजेश कुमार पटेल एवं शहीद आरक्षक हरिकेश प्रसाद के परिजनों को सम्मानित किया गया। विशेष रूप से शहीद आरक्षक बृजभूषण श्रीवास्तव की पुत्री इशिता श्रीवास्तव, जो वर्तमान में महिला आरक्षक के पद पर सेवाएं दे रही हैं, को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इशिता श्रीवास्तव का सम्मान जिले की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरा। मुख्य अतिथि सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है, जिसके कारण आज देश सुरक्षित और सशक्त है। उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों का सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज की नैतिक जिम्मेदारी है।
शहीद परिवारों के सम्मान के दौरान पूरा समारोह स्थल तालियों की गूंज से भर उठा और उपस्थित नागरिकों ने वीर शहीदों को नमन करते हुए उनकी स्मृतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह दृश्य जिले के नागरिकों की कृतज्ञता, संवेदनशीलता और राष्ट्रभक्ति का सशक्त उदाहरण बना।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अर्द्धसैनिक बलों के अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.