जशपुरनगर। जब देश की युवा पीढ़ी नशे और सामाजिक कुरीतियों की ओर बढ़ रही है, ऐसे दौर में जशपुर के युवाओं ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए ‘सूर्यमंडलम’ संगठन की स्थापना की है। संगठन ने अपने एक वर्ष पूर्ण होने पर प्रथम स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर दमेरा में आयोजित समरसता भोज ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
सूर्यमंडलम के सदस्य प्रतिदिन प्रातः सूर्यनमस्कार और योग से दिन की शुरुआत करते हैं, साथ ही शहर के पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता की रक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन हेतु निरंतर कार्य कर रहे हैं।स्थापना दिवस के अवसर पर संगठन के उद्देश्यों और अब तक की उपलब्धियों पर चर्चा की गई। उपस्थित जनसमूह ने संगठन की प्रगति की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
समरसता भोज में सभी वर्गों के लोगों ने भाग लेकर एकता और भाईचारे का संदेश दिया। लोगों ने भोजन करते हुए आपस में संवाद किया और संगठन के साथ मिलकर समाज सेवा की करने की ठानी।सूर्यमंडलम का यह स्थापना दिवस न केवल संगठन के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए सामाजिक सौहार्द, एकता और सकारात्मक सोच का प्रतीक बनकर उभरा है।