महाशिवरात्रि पर 272 लोगों की ‘घर वापसी’, बरगढ़ धाम में हुआ भव्य हिन्दू महासंगम

# वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सनातन परंपरा में पुनः शामिल हुए धर्मांतरित परिवार –
जशपुरनगर/खरसिया। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिला रायगढ़ के खरसिया स्थित बाबा सिद्धेश्वर महादेव की पावन धरा बरगढ़ धाम में आयोजित “हिन्दू महासंगम” कार्यक्रम में 272 धर्मांतरित भाई-बहनों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पुनः सनातन परंपरा में घर वापसी की। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उत्साह के बीच संपन्न हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
विभिन्न संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन –
कार्यक्रम का आयोजन धर्म जागरण समन्वय छत्तीसगढ़ प्रांत, कल्चुरि कलार महासंघ, सेवा न्याय उत्थान एवं दिलीप सिंह जूदेव फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय घर वापसी प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने स्वयं चरण पखारकर सभी 272 लोगों को सनातन धर्म में पुनः सम्मिलित कराया।
‘घर वापसी’ अभियान निरंतर रहेगा : जूदेव –
अपने संबोधन में श्री जूदेव ने कहा कि “कुमार दिलीप सिंह जूदेव द्वारा प्रारंभ किया गया घर वापसी अभियान निरंतर जारी रहेगा। यह केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, संस्कृति और आस्था से पुनः जुड़ने का संकल्प है।”
संत प्रेमा साईं महाराज का मिला मार्गदर्शन –
कार्यक्रम में मातंगीधाम के संत प्रेमा साईं महाराज का विशेष मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि “महाशिवरात्रि पर महादेव में अटूट विश्वास हमें सनातन के शाश्वत सिद्धांतों को साहसपूर्वक अपनाने और उनके माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रेरणा देता है।”
गणमान्य जनों की गरिमामयी उपस्थिति –
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े विजय शंकर पटनायक, धर्मजागरण से राजकुमार चंद्रा, हथकरघा बोर्ड के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, रजाकार बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, समाजसेविका स्वाती गोयल शर्मा, अंजू गवेल एवं विजय जायसवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, धर्मप्रेमी बंधु, मातृशक्ति एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





