गोली की धमकी वाले ऑडियो-वीडियो पर खबर छापने से बौखलाए नेता , पत्रकारों पर झूठी शिकायत के खिलाफ प्रेस क्लब लामबंद

# एसएसपी से निष्पक्ष जांच की मांग –
जशपुरनगर। सोशल मीडिया में प्रसारित विवादित और आपत्तिजनक ऑडियो-वीडियो को लेकर प्रकाशित समाचारों पर भाजपा नेता कृपा शंकर भगत द्वारा पत्रकारों के विरुद्ध सिटी कोतवाली में की गई शिकायत के विरोध में प्रेस क्लब जशपुर के पत्रकार एकजुट हो गए हैं। बुधवार को शहर के सर्किट हाउस में आयोजित आपात बैठक में पत्रकारों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे मीडिया की स्वतंत्रता पर हमला बताया।
बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव में कहा गया कि समाचारों का संकलन एवं प्रकाशन करना मीडिया का दायित्व है। सोशल मीडिया में प्रसारित ऑडियो और वीडियो में कथित रूप से गोली मारने जैसी हिंसक और आपराधिक धमकी की भाषा का प्रयोग किया गया है, जो गंभीर विषय है। ऐसे मामले को जनता और शासन-प्रशासन के संज्ञान में लाना पत्रकारिता का कर्तव्य है।
प्रस्ताव में यह भी उल्लेख किया गया कि संबंधित ऑडियो-वीडियो में उरांव समाज के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। साथ ही अपनी आपत्तिजनक भाषा को ‘जशपुर की बोली’ बताकर जिले की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है। पत्रकारों ने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला कृत्य बताया।
बैठक के पश्चात प्रेस क्लब के सदस्य एकजुट होकर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह से मिले और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। पत्रकारों ने स्पष्ट किया कि सत्य और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाना उनका कर्तव्य है और किसी भी प्रकार के दबाव में आकर वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।





