ऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 किलो गौमांस के साथ ओडिशा का तस्कर गिरफ्तार

*.ओड़िसा के बनडेगा जंगल मे किया गोवंश का वध,छत्तीसगढ़ के लैलूंगा क्षेत्र के गाँवो में खपाने की थी तैयारी*
कोतबा:- जशपुर जिले की कोतबा चौकी पुलिस ने ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत कार्यवाही कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ में गौवंश के मांस की तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक कार में तस्करी कर ले जाया जा रहा 60 किलो गौमांस बरामद किया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।इस पूरी कार्रवाई में आरोपी का कबूलनामा और पशु चिकित्सक की वैज्ञानिक पुष्टि अहम रही।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 मार्च 2026 की रात करीब 9:10 बजे चौकी कोतबा पुलिस मेन रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक व्यक्ति ओडिशा के ग्राम बनडेगा से अपनी अल्टो कार (क्रमांक OR-14G-3271) में भारी मात्रा में गौमांस लेकर कोतबा होते हुए लैलूंगा (जिला रायगढ़) की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर पुलिस टीम ने मेन रोड पर नाकेबंदी की। कुछ ही देर बाद संदिग्ध कार आती दिखी, जिसे घेराबंदी कर रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को ड्राइवर सीट के बगल में रखे एक बैग में 25 पैकेट और बीच की सीट पर रखे काले रंग के बैग में 35 पैकेट (प्रत्येक 1-1 किलो के) मिले। कुल 60 किलो संदिग्ध मांस बरामद किया गया। कार चालक की पहचान जीसान हुसैन (24 वर्ष), निवासी ग्राम बनडेगा, थाना तलसरा, जिला सुंदरगढ़ ओडिशा के रूप में हुई।
*आरोपी जीसान का कबूलनामा: “जंगल में काटा, बेचने जा रहा था”*
पुलिस हिरासत में पूछताछ और कैमरे पर मीडिया को दिए गए बयान में आरोपी जीसान हुसैन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने बताया कि उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर बनडेगा के पास के ही एक जंगल में गौवंश का वध किया था। वह इस 60 किलो मांस को अपनी कार में रखकर गांवों में बिक्री करने के लिए ले जा रहा था। आरोपी ने स्पष्ट किया कि घटना के वक्त वे केवल दो ही लोग थे।
*पशु चिकित्सक की पुष्टि: शरीर के अंगों और हड्डियों से हुई पहचान*
जब्त किए गए मांस की जांच के लिए पुलिस ने पशु चिकित्सालय कोतबा के पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ डॉ. दिलीप खलखो को बुलाया। डॉ. खलखो ने अपनी जांच रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि बोरियों और बैग में रखा मांस गौवंश का ही है। डॉ. खलखो ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया, “मैंने पुलिस के समक्ष जब्त मांस का परीक्षण किया। जांच में गौवंश के शरीर के कई टुकड़े मिले। इनमें पिछले पैर का घुटने से नीचे खुर (Hoof) तक का पूरा हिस्सा शामिल था, जिसे 3-4 टुकड़ों में काटा गया था। इसके अलावा सामने के पैर के घुटने के जॉइंट के हिस्से, स्कैपुला (Scapula) और कुछ अन्य विशेष हड्डियां मौजूद थीं, जिनसे यह पहचानना आसान हो गया कि यह गौवंश का मांस है। मांस के साथ मौजूद चमड़ी का रंग काला और भूरा था।” इन सभी शारीरिक प्रमाणों के आधार पर डॉ. खलखो ने मांस के गौवंश होने की आधिकारिक पुष्टि की।
*तश्करी में प्रयुक्त कार जब्त, आरोपी जेल दाखिल*
पशु चिकित्सक की रिपोर्ट और आरोपी के इकबालिया बयान के बाद चौकी कोतबा पुलिस ने आरोपी जीसान हुसैन के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। घटना में प्रयुक्त अल्टो कार (OR-14G-3271) को जब्त कर लिया गया है तथा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी कोतबा उप निरीक्षक बृजेश यादव, प्रधान आरक्षक अजय खेस, संजय लकड़ा, आरक्षक अभय चौबे, बूटा सिंह, नवनीत मिश्रा, रघुराज रजक, सुशील तिर्की और निर्मल नाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


